जिले की दो मंडियों और 13 खरीद केंद्रों पर दो दिन से सरसों खरीद जारी है। हालांकि अभी किसान काफी कम संख्या में सरसों बेचने के लिए पहुंचे रहे हैं। दो दिनों में करीब तीन हजार क्विंटल सरसों 4425 रुपये समर्थन मूल्य पर खरीदी गई है। वहीं, दादरी मंडी में बारदाना की कमी है और किसानों के बैठने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग की भी सही से पालना नहीं हो पा रही। वहीं, मंडी और खरीद केंद्रों पर पहुंचने वाले किसानों की थर्मल मीटर से जांच के प्रबंध दूसरे दिन भी देखने को नहीं मिले।
उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने सरसों खरीद के दूसरे दिन वीरवार को बाढड़ा, अटेला खुर्द व हड़ौदी में खरीद केंद्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि किसान उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाने वाले एसएमएस के अनुसार खरीद केंद्र पर आएं और सरसों को अच्छी तरह सुखाकर व साफ करके लाएं। जिससे कि उनकी फसल को खरीदने के समय संबधित एंजेंसी को किसी प्रकार की कमी दिखाई न दे। इसके बावजूद कुछ कमियां हैं तो फसल को खरीद केंद्र पर ही उतरवाकर उसमें सुधार करवा लें। इससे किसान को फसल खरीद केंद्र पर बार-बार नहीं आना पड़ेेगा और उसकी बार-बार होने वाली मेहनत बच जाएगी।
उपायुक्त ने इन तीनों खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बताया कि अब तक दादरी के सभी 15 खरीद केंद्रों पर करीब तीस हजार क्विंटल सरसों की समर्थन मूल्य 4425 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीद की जा चुकी है। वहीं, दादरी मंडी में वीरवार को 216 तिरपाल पहुंचे हैं जिनसे किसानों से खरीदी गई फसल ढकी जाएगी।
कोरोना संक्रमित को नहीं मिलेगी खरीद केंद्र में एंट्री
पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने खरीद केंद्रों पर तैनात किए गए पुलिस कर्मियों से कहा कि इन मंडियों में किसान से खरीदे जाने वाले अनाज की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित करनी है और साथ ही इंसानियत के नाते भी किसानों व कर्मचारियों आदि की सहायता करनी है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी रात के समय भी मुस्तैद रहे और मंडी में उपलब्ध अनाज की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति को खरीद केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और इसके लिए पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जा चुकी है।
हरियाणा वेयर हाऊस इन गांवों में कर रही खरीद
मार्केट कमेटी सचिव सुरेश खोखर ने बताया कि दादरी में हरियाणा वेयरहाउस की ओर से अटेला खुर्द, बाढड़ा, बेरला, चरखी, दादरी, इमलोटा, जावा, झिंझर, झोझूकलां, कादमा व दादरी पुरानी मंडी में एवं हैफेड एंजेंसी गांव रानीला, ढाणी फौगाट, चिडिय़ा में खरीद की जा रही है। सभी खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था की गई है।
फसल में कमी भी है तो किसान को नहीं भेजा जाएगा वापिस
उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने निर्देश दिए हैं कि फसल खरीद केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि किसान की सरसों में नमी या सफाई आदि की कोई कमी रह जाती है तो उसे वापस न भेजकर खरीद केंद्र पर उस कमी को पूरा करवाया जाए।