चरखी दादरी। अग्रवाल वैश्य समाज जिला इकाई की बैठक कार्यालय में आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष सुरेश ऐरन व गणेश गोयल ने अध्यक्षता की। बतौर पर्यवेक्षक अग्रवाल वैश्य समाज प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश पांडवानिया, प्रदेश सचिव संजय गर्ग उपस्थित रहे।
प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के मार्गदर्शन में 23 फरवरी को पानीपत में प्रदेशस्तरीय बैठक आयोजित की जानी है। पानीपत बैठक में समाज को राजनीति में आगे आने व अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा।
अग्रवाल वैश्य समाज के संरक्षक कैलाश रिटोलिया ने वर्तमान समय में समाज के विवाह योग्य युवा व युवतियों के विवाह संबंध बनाने में आने वाली परेशानियों की ओर ध्यान आकृष्ट किया। कैलाश ने कहा कि इस समय समाज के सामने यह विकट समस्या है। अधिकतर परिवारों में 30 साल से अधिक आयु के युवक-युवतियां होने के बावजूद विवाह संबंध नहीं बन पा रहे हैं। इसका मुख्य कारण समाज में मध्यस्थता करने की प्रति उदासीनता होना है। हमें रिश्ते संबंध बनवाने में सहयोग करना चाहिए।
प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने कहा कि निशुल्क रिश्ते सेवा के लिए वाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं। अधिकतर बंधु इन ग्रुप में अपने विवाह योग्य बच्चों के बायोडाटा साझा करने में संकोच करते हैं। गुप्ता ने कहा रिश्ते सेवा में सब सहयोग करें और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझें तभी कुछ समाधान संभव है।
जिलाध्यक्ष सुरेश ऐरन, महासचिव विनोद जैन एवं सचिव हरिराम बबलू ने अपनी सहमति जताते हुए सहयोग करने का आश्वासन दिया। वैश्य समाज के संरक्षक विशंबर देवसरिया ने कहा कि वर्तमान में अधिकतर परिवारों का रहन-सहन एकल हो गया है। परिवार में किसी के दिवंगत हो जाने पर 12-13 दिन की बैठक रहती है। एकल परिवार होने की वजह से दैनिक कार्यों एवं व्यवसाय आदि के कार्य करने में अत्यधिक परेशानी होती है। इसलिए वर्तमान समय की आवश्यकता के अनुसार यह समय 7 दिन कर देना चाहिए। शोक संवेदना में आने वाले लोगों के लिए बैठक का समय सायं 4 से 7 बजे तक निर्धारित किया जाना चाहिए। ताकि, अन्य कार्य निपटाने का समय मिल सके।
जिला कोषाध्यक्ष श्रवण गुप्ता ने कहा कि रस्म पगड़ी कितने दिन की करें, यह परिवार अपने परिवार की राय से तय कर लें, शोक संवेदना के लिए बैठक 7 दिन की रहे, यह सबके लिए संभव है। इन फैसलों पर उपस्थित लोगों ने सहमति जताई।
जिलाध्यक्ष सुरेश ऐरन ने कहा कि यह प्रस्ताव 23 फरवरी को पानीपत में होने वाली प्रदेश स्तरीय बैठक में रखें। ताकि, यह प्रस्ताव प्रदेश स्तर पर पास हो सके। बैठक में तपन गुप्ता, राजेश गर्ग, प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता, अध्यक्ष सुरेश पांडवानिया, सचिव संजय गर्ग, जिला महासचिव विनोद जैन, कोषाध्यक्ष श्रवण गुप्ता, राकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश गर्ग, पवन, निरंजन लाल सिंगल, सचिव हरिराम बबलू आदि उपस्थित रहे।