बाढड़ा। परिवहन सेवाओं में विस्तार और बाढड़ा को सब डिपो का दर्जा देने की मांग के समर्थन में बाढड़ा अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन भी उतर आई है। आढ़तियों ने एक सुर में कहा कि इससे शहरों से जुड़ाव मजबूत होगा और जनप्रतिनिधि से सरकार व परिवहन विभाग की मार्फत इसे सिरे चढ़वाने की मांग की।
आढ़तियों ने कहा कि बाढड़ा बस स्टैंड से फिलहाल लंबे और लोकल रूटों पर बसों का संचालन नहीं होता है। आढ़तियों को आए दिन काम से कभी जिला मुख्यालय तो कभी दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। बस सेवाओं की कमी के चलते वो मजबूरीवश अपने वाहन लेकर जाने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या अकेले आढ़तियों की नहीं बल्कि सभी वर्गाें की है। बस स्टैंड को सब डिपो का दर्जा मिलने से हर वर्ग को फायदा होगा और लोगों को समय रहते परिवहन सेवाएं मुहैया होंगी।
बाढड़ा आढ़ती एसोसिएशन सदस्य मनजीत नांधा, अनिल डालावास, मुकेश बेरला व विक्रम आदि ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को लोकल रूटों पर भी परिवहन सेवाएं लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जबकि लंबे रूटों पर तो स्थिति और विकट है। उन्होंने कहा कि अगर बाढड़ा को सब डिपो का दर्जा मिलता है तो इससे बस स्टैंड से लंबे रूटों पर भी बसों का संचालन शुरू होगा, जिससे दूसरे शहरों से जुड़ाव आसान होगा और व्यापार पर भी इसका अनुकूल असर पड़ेगा।