फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: डीएमसी के पास नहीं पहुंचे एजेंडे, 226 दिन बाद भी नहीं होगी नगर परिषद बोर्ड की बैठक

Wed, 07 Feb 2024 03:27 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। एडीसी एवं नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर ने एक फरवरी को पत्र जारी कर सात फरवरी को नगर परिषद की बोर्ड बैठक बुलाने का आदेश दिया है। इससे पहले सभी पार्षद और चेयरमैन को लिखित एजेंडा देने के निर्देश भी दिए गए थे लेकिन पार्षदों के पास चेयरमैन की ओर से बैठक के स्थान और समय संबंधी कोई सूचना पत्र नहीं भेजा गया है। इस कारण 226 दिन बाद भी यह बैठक होना मुश्किल है जबकि शहरी विकास का खाका तैयार करने के लिए लोगों को इस बैठक का इंतजार है।
विज्ञापन

नगर परिषद बोर्ड की अंतिम बैठक 26 जून 2023 को हुई थी। हरियाणा म्युनिसिपल एक्ट 1973 की धारा 25 में प्रतिमाह एक बैठक करने का प्रावधान है। सात माह से बैठक न हो पाने के कारण पार्षद वार्डाें की समस्याएं और जरूरतों संबंधी मांग अधिकारियों के समक्ष नहीं रख पा रहे हैं।
इसी का संज्ञान लेकर नगर आयुक्त ने एक फरवरी 2024 को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों को पत्र क्रमांक 47 जारी किया था। इसमें लिखा गया था कि सात माह से नगर परिषद हाउस की बैठक नहीं बुलाई गई है। अब बैठक सात को बुलाई जानी है और उससे पहले सभी अपने लिखित एजेंडा सौंप दें ताकि बैठक का एजेंडा तय कर जारी किया जा सके।
विज्ञापन

ये पत्र तो पार्षद, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पास पहुंच गया, लेकिन किसी ने एजेंडा ने नहीं सौंपा। दूसरी ओर अध्यक्ष की ओर से भी पार्षदाें को बैठक संबंधी सूचना नहीं दी गई। बैठक बुलाने का अधिकार अध्यक्ष के पास है और नगर आयुक्त के आदेश का पालन करते हुए उनकी ओर से ही बैठक का समय और स्थान निर्धारित कर लिखित सूचना पार्षदों को दी जानी थी।
पार्षदों का कहना है कि अध्यक्ष की ओर से ऐसा नहीं किया गया। बैठक संबंधी उन्हें एक ही पत्र मिला जो नगर आयुक्त की ओर से जारी किया गया था।

- पार्षद बोले : घबरा रहा अध्यक्ष, बुधवार को मिलेंगे डीएमसी से
- चेयरमैन बक्शीराम सैनी बैठक से घबरा रहे हैं। नगर आयुक्त के आदेश के बाद भी पार्षदों को सात फरवरी को बैठक संबंधी सूचना नहीं भेजी गई है। पार्षदों को जो पत्र जारी किया गया वह नगर आयुक्त की ओर से भेजा गया था जबकि बैठक संबंधी पत्र अध्यक्ष को अपनी तरफ से भेजना था। - जय सिंह लांबा, पार्षद, वार्ड-1
नगर परिषद हाउस की बैठक सात को है इसकी सूचना अध्यक्ष की तरफ से नहीं भेजी गई। जो पत्र मिला है वो नगर आयुक्त की तरफ जारी किया गया था। इसमें न तो बैठक का स्थान है और न ही समय निर्धारित है। इससे स्पष्ट है कि अध्यक्ष बैठक बुलाकर पार्षदों का सामना नहीं करना चाहते। - नवीन प्रजापत, पार्षद, वार्ड-8
नगर आयुक्त के आदेश देने के बाद भी बैठक न हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है। अध्यक्ष बक्शीराम सैनी पार्षदों के साथ चर्चा करने से बचना चाहते हैं। जो गलत हुआ है उन मुद्दों को पार्षद बैठक में प्रमुखता से उठाएंगे। अध्यक्ष को डर है कि ऐसा हुआ तो उनकी बिछाई बिसात फेल हो जाएगी। - रचना देवी, पार्षद, वार्ड-20
अंतिम बैठक 26 जून 2023 को हुई थी जबकि हर माह बैठक का प्रावधान है। नगर आयुक्त की ओर से जारी पत्र में भी इस ओर ध्यान दिलाया गया था। इसके बावजूद सात फरवरी को होने वाली बैठक की सूचना या एजेंडा पार्षदों को जारी नहीं किया गया है। - अजय, पार्षद, वार्ड-19



मेरे पास पार्षदों और अध्यक्ष का एजेंडा नहीं आया है। एजेंडा आने के बाद ही बैठक की दोबारा तारीख तय की जाएगी। जल्द ही व्यवस्था को सुधार कर सबकुछ ठीक किया जाएगा। - डॉ. जयेंद्र छिल्लर, नगर आयुक्त एवं एडीसी।


बैठक के लिए पार्षदों से एजेंडे मांगे गए थे, लेकिन किसी ने एजेंडा नहीं दिया। अगर पूर्व निर्धारित एजेंडे बैठक में रखेंगे तो पार्षद इनका विरोध करेंगे। यही कारण है कि इस बार पार्षदों से पहले एजेंडे मांगे गए हैं। -बक्शीराम सैनी, अध्यक्ष, नगर परिषद, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें