फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 1.85 करोड़ के टेंडर अलॉट होने के बाद एजेंसी का काम करने से इन्कार

Sun, 09 Jul 2023 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। 1.85 करोड़ रुपये के विकास और मरम्मत कार्य फिर से ठंडे बस्ते में चले गए है। जिन एजेंसी से ये कार्य करवाए जाने थे उन्होंने टेंडर अलॉट होने के बाद काम करने से मना कर दिया है। इसके चलते शहरी विकास को एक और झटका लगा है। अब नगर परिषद अधिकारी वर्क अलॉटमेंट के बाद काम करने से इन्कार करने वाली एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी है। वहीं इन कार्य को करवाने के लिए फिर से टेंडर प्रक्रिया करनी पड़ेगी।
विज्ञापन

बता दें कि नगर पार्षदों के कार्यकाल को एक साल का समय हो चुका है, लेकिन अब तक शहरी विकास रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। इसके चलते करीब दो सप्ताह पहले 7 पार्षद और 4 पार्षद प्रतिनिधि प्रधान कक्ष के सामने मुंडन तक करवा चुके हैं। दूसरी ओर लंबे इंतजार के बाद नगर परिषद के शहर में विकास कार्य और मरम्मत कार्य करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ी थी, जो अब फिर से लटक गई है। दरअसल, 1.85 करोड़ रुपये के तीन कामों के टेंडर हुए थे और जिन एजेंसी को ये टेंडर अलॉट आए उन्होंने काम से किनारा कर लिया। नगर परिषद सूत्रों के अनुसार परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि एजेंसी जमा नहीं करवा पाई जिससे वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया लटक गई।
नगर परिषद अधिकारी इन एजेंसी के प्रतिनिधियों से तालमेल कर सिक्योरिटी राशि जमा कराने के निर्देश भी दे चुके हैं और ऐसा करने पर एजेंसी ने काम करने में सक्षम न होने की बात लिखित में भी दे दी है। सूत्रों के अनुसार टेंडर के लिए आवेदन करते समय एजेंसी की ओर से जो रेट दिए गए थे वो माइन्स में थे और अब एजेंसी इन पर काम शुरू करने में कतरा रही है। एजेंसी की ओर से कदम पीछे खींचने पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद ने ब्लैक लिस्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। दो एजेंसी को परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि जमा करवानी थी। जिनमें से दो कार्य की सिक्योरिटी राशि जमा करवाने की निर्धारित समय अवधि पूरी हो चुकी है। अभी एक कार्य की सिक्योरिटी राशि जमा करवाने के लिए 3 दिन बाकी हैं। लेकिन जिस हिसाब से पहले के दो कार्य के लिए सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करवाई गई, उससे आशंका है कि तीसरे कार्य के लिए भी कंपनी सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करवाएगी। ऐसे में ये कार्य लटकने से सीधे तौर पर शहर की एक लाख आबादी को न केवल परेशानी झेलनी पड़ेगी, बल्कि सुविधाओं से भी कुछ समय तक वंचित रहना पड़ेगा।
विज्ञापन


जानिये... 1.85 करोड़ से होने हैं क्या-क्या कार्य
केस:1- 75 लाख से 21 वार्डाें में होने है मरम्मत कार्य
शहर के 21 वार्डाें में मरम्मत कार्य करवाने के लिए नगर परिषद ने तीन चरणों में 75 लाख के टेंडर लगाए हैं। प्रत्येक चरण में 25 लाख रुपये के विकास कार्य करवाए जाने हैं। इस समय शहर की कई गलियों की हालत खस्ता बनी हुई है और इसे देखते हुए ही ये एस्टीमेट तैयार किए गए थे। जिस एजेंसी को ये टेंडर अलॉट हुआ, उसने हाथ खड़े कर दिए। ऐसे में अब दोबारा से टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ने और काम शुरू होने तक शहरवासियों को जर्जर गलियों में परेशानी झेलनी पड़ेगी।

केस:2- 50 लाख से सुधारनी है पार्कों की दशा
नगर परिषद ने शहर के दो बड़े पार्काें को छोड़कर बाकी मिनी पार्काें की लंबे समय से सुध नहीं ली है। इसके चलते ये पार्क बदहाल हैं। जिससे लोगों को उनके लाभ नहीं मिल रहे हैं। नगर परिषद ने पार्काें की दशा सुधारने के लिए दो चरणों में 50 लाख के टेंडर लगाए गए थे। जिस एजेंसी को वर्क अलॉट हुआ उसने अब तक परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करवाई है।

केस:3- 60 लाख का पंचनद रोड निर्माण प्रोजेक्ट भी अटका
इस समय नगर परिषद की दो सड़कों की दशा सबसे बुरी है जिनमें एक पंचनद चौक रोड शामिल है। इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए नगर परिषद ने 60 लाख रुपये का एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ाई थी। जिस एजेंसी को यह वर्क अलॉट हुआ है, उसने भी अब तक परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि जमा नहीं करवाई है। यह औपचारिकता पूरी करने के लिए एजेंसी के पास 15 जून तक का समय है और इसके बाद उक्त एजेंसी के खिलाफ भी नगर परिषद अधिकारी कार्रवाई करेंगे।
परफार्मेंस सिक्योरिटी राशि अब तक एजेंसी ने जमा नहीं करवाई है। उच्चाधिकारियों को इससे अवगत करवा चुके हैं। टेंडर अलॉटमेंट के बाद काम करने से किनारा करने वाली एजेंसी को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।
-मुकेश कुमार, एमई, नगर परिषद

टेंडर अलॉटमेंट के बाद काम से इंकार करने वाली एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा चुके है। प्रयास रहेगा कि जो परियोजनाएं अटकी हैं, उन्हें जल्द से जल्द परवान चढ़ाकर शहरवासियों को राहत दी जा सके।
विज्ञापन

-बक्शीराम सैनी, प्रधान, नगर परिषद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें