फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: महिला की मौत के बाद ऑस्कर अस्पताल में दे दनादन...

Fri, 28 Jul 2023 12:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
ऑस्कर अस्पताल के बाहर खड़े लोग। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने पर ऑस्कर अस्पताल में हुई वार्ड-14 निवासी महिला की मौत के बाद लोग आक्रोशित दिखाई दिए। इतना ही नहीं गुस्साए लोग चिकित्सकों को कभी ग्राउंड फ्लोर पर तो कभी प्रथम तल पर ढूंढते रहे, लेकिन वो नहीं मिले। इसके बाद गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में मौजूद एक कर्मचारी को ही पीट डाला। मामला बिगड़ता देख सिटी थाना प्रभारी एसआई राजकुमार को भी गर्म मिजाज अपनाना पड़ा और उन्होंने कर्मचारी को पीटने वालों को थप्पड़ जड़कर बाहर निकालना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

बता दें कि सुबह करीब दस बजे ऑस्कर अस्पताल में महिला को मृत घोषित करते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन समिति और चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस के आश्वासन देने पर भी मृतका के परिजन और लोग संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन समिति सदस्यों से मृतका पक्ष के मौजिज लोगों ने दो दौर की वार्ता की। पहली दौर की वार्ता बेनतीजा रही और मृतका के परिजन कक्ष से बाहर आ गए। इसके बाद महिलाओं के साथ कुछ लोग वापस उसी कक्ष के बाहर पहुंच गए। उन्होंने दोपहर 1:08 पर एक महिला चिकित्सक को पकड़ने का प्रयास किया तो एक कर्मचारी महिला चिकित्सक के बचाव में आ गया। इसके बाद लोगों का गुस्सा उक्त कर्मचारी पर उतर गया और उन्होंने उक्त कर्मचारी को कई थप्पड़ जड़ दिए। मारपीट तक नौबत पहुंचते ही सिटी थाना प्रभारी राजकुमार वहां पहुंच गए और उन्होंने थप्पड़ जड़ते हुए भीड़ को तीतर-बितर करना शुरू कर दिया। इसके बाद ढाई बजे दूसरे दौर की वार्ता हुई और इसमें मृतका के परिजन ने रितिका का उपचार करने वाले चिकित्सक को बुलाने की मांग की। वहीं, अस्पताल प्रबंधन समिति सदस्य की ओर से मृतका के परिजनों को संतुष्ट करने का प्रयास किया गया। पहले तो मृतका के परिजन शव ले जाने के लिए तैयार नहीं हुए, लेकिन बाद में मौजिज लोगों के हस्तक्षेप के बाद वो शाम चार बजे ऑस्कर अस्पताल से निकले और समीप स्थित सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक मृतका का पोस्टमार्टम नहीं हुआ था। एसआई राजकुमार ने बताया कि चिकित्सकों से राय-मशवरा किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर शव का पोस्टमार्टम पीजीआई में चिकित्सकों के बोर्ड से करवाया जा सकता है।

मृतका के चाचा ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाया पैर खराब करने का आरोप
महिला की मौत के बाद मृतका का चाचा पैंतावास कलां निवासी राजेश भी वहां पहुंचा। राजेश ने बताया कि गत 27 सितंबर को उसने एक्सीडेंट होने के बाद ऑस्कर अस्पताल में ऑपरेशन करवाया था। दो माह बाद स्थिति काबू से बाहर होने की बात कहते हुए उसे और कहीं इलाज करवाने की बात कही। इसके बाद उसने पीजीआई में उपचार करवाया तो उसके पैर की 7 इंच हड्डी काटनी पड़ी। अब नौबत ये है कि उसका पैर खराब हो चुका है।
विज्ञापन


डेढ़ साल पहले हुई थी रितिका की शादी
मूलरूप से पैंतावास कलां निवासी रितिका की शादी फरवरी 2022 में दादरी शहर के वार्ड-14 निवासी तुषार से हुई थी। रितिका की पहली डिलीवरी थी और डिलीवरी के बाद रितिका की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार दम तोड़ने से पहले ऑस्कर अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें रितिका से मिलने तक नहीं दिया। वहीं, दम तोड़ने से करीब चार घंटे पहले रितिका ने धनखड़ अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। जन्म के बाद बच्ची अपनी मां का मुंह तक नहीं देख पाई।


मरीज यहां बेहद नाजुक स्थिति में पहुंची थी। ज्यादा खून बहने के चलते बीपी की दिक्कत बनी। हमने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन महिला को बचा नहीं पाए। स्टाफ के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी है या नहीं, इस बारे में अस्पताल प्रबंधन कमेटी ही फैसला लेगी।
विज्ञापन

रामसिंह फौगाट, प्रशासनिक प्रभारी, ऑस्कर अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें