फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिसकर्मी सख्त, बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था अब सुधरी

Sat, 05 Aug 2023 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
बस स्टैंड के सामने रेहड़ियों को पीछे करवाते पुलिसकर्मी।
विज्ञापन
चरखी दादरी। ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दो सप्ताह पूर्व एसपी नितिका गहलोत की ओर से की गई कार्रवाई के बाद बस स्टैंड रोड के हालात अब बदले हैं। बस स्टैंड चौकी का पूरा स्टाफ लाइन हाजिर करने के बाद यहां तैनात नए स्टाफ ने मोर्चा संभालकर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार को पहला ध्येय बनाया है। धरातल पर इसे उतारने के लिए पीली पट्टी से आगे तक खड़ी होने वाली रेहड़ियों को 5 से 7 फुट पीछे करवाया गया है जबकि सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के पोस्टल चालान किए जा रहे हैं।
विज्ञापन


शनिवार सुबह भी पुलिस टीम ने बस स्टैंड रोड पर निर्धारित हद से आगे तक आईं रेहड़ियों के साथ नाले से आगे तक रखे दुकानदारों के सामान को पीछे करवाया। पुलिस टीम ने रेहड़ी वालों और दुकानदारों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने नाले की हद पार की तो तत्काल नगर परिषद की टीम को मौके पर बुलाकर कार्रवाई करवाई जाएगी।
बता दें कि 22 जुलाई को शाम करीब छह बजे एसपी नितिका गहलोत अकेले की बस स्टैंड रोड पर जायजा लेने निकली थीं। उस दौरान उन्हें पीली पट्टी से आगे तक रेहड़ियां खड़ी मिली थीं जबकि आधी सड़क तक वाहन पार्क मिले थे। इतना ही नहीं राइडर और पीसीआर स्टाफ भी यहां पेट्रोलिंग पर नहीं मिला था। इस पर संज्ञान लेकर एसपी ने तत्कालीन चौकी प्रभारी समेत यहां तैनात आठ अन्य पुलिसकर्मियों के साथ पीसीआर और राइडर पर तैनात 13 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था। अब एएसआई संदीप पिलानिया को बस स्टैंड चौकी प्रभारी लगाया गया है। एएसआई संदीप का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए चौकी के 6 पुलिसकर्मियों समेत ट्रैफिक पुलिस के दो जवान मुस्तैद हैं।
विज्ञापन


- आठ चालकों के घर भेजे चालान, सड़क पर खड़ा न करें वाहन
31 जुलाई से पांच अगस्त तक के आंकड़ों की बात करें तो बस स्टैंड चौकी पुलिस टीम ने कुल 24 चालान किए हैं। इनमें आठ पोस्टल चालान भी हैं। 16 चालान मौके पर किए गए हैं जबकि आठ चालकों के नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर चालान घर भेजे गए हैं। सड़क पर खड़े वाहन की पुलिसकर्मी फोटो भी अपने मोबाइल कैमरा में ले रहे हैं, ताकि कोई चालान को लेकर पुलिसकर्मियों पर सवाल न उठा सके।

- नगर परिषद का अभियान ठंडे बस्ते में, पुलिस ही कर रही प्रयास
एसपी कार्रवाई के बाद बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हुआ है। यह सुधार अकेले पुलिस टीम ने किया है जबकि अगर इस कार्य में नगर परिषद का सहयोग मिल जाए तो व्यवस्था और बेहतर हो सकती है। लंबे समय से नगर परिषद का अतिक्रमण हटाओ अभियान ठंडे बस्ते में है।

- रेहड़ियां नालों पर करवाईं शिफ्ट, दुकानदारों का सामान गया अंदर
बस स्टैंड रोड की बात करें तो परशुराम चौक से लेकर पीएनबी तक करीब 100 रेहड़ियां खड़ी होती हैं। रोडवेज वर्कशॉप से लेकर परशुराम चौक तक रेहड़ियों की संख्या 70 है। पहले ये रेहड़ियां पीली पट्टी तक खड़ी होती थीं जबकि दुकानदारों का सामान नाले की स्लैब पर रखा रहता था। पुलिस की सख्ती के बाद रेहड़ियां नालों की स्लैब पर और स्लैब पर रखा सामान दुकानों के अंदर शिफ्ट करवाया गया है।

पीली पट्टी तक रेहड़ियां खड़ी होने से ट्रैफिक व्यवस्था में व्यवधान हो रहा था और इसके मद्देनजर रेहड़ियों को नालों के स्लैब पर शिफ्ट करवाया गया है। जो चालक सड़क पर वाहन खड़ करते हैं उन्हें पोस्टल चालान भेजे जा रहे हैं। पुलिस अब तक आठ पोस्टल चालान चालकों के घर भेज चुकी है।
विज्ञापन

-संदीप पिलानिया, एएसआई एवं बस स्टैंड चौकी प्रभारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें