चरखी दादरी/बाढड़ा। सिरसली गांव में पूर्व सैनिक की कार को बार-बार टक्कर मारने और फिर पिस्तौल लेकर पीछा करने का मामला सामने आया है। बचाव में पूर्व सैनिक को अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर करना पड़ा और इसके बाद बदमाश भाग गए। उसकी शिकायत पर बाढड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सशस्त्र अधिनियम समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में सिरसली निवासी बलजीत ने बताया कि वो पूर्व सैनिक है। 28 मार्च की रात करीब सवा 12 बजे वो तबीयत खराब होने पर अपनी अल्टो में पत्नी के साथ सवार होकर डॉक्टर के पास जा रहा था। जब वो गांव की फिरनी पर पहुंचे तो एक बोलेरो कैंपर सवार ने उसकी गाड़ी के पीछे लगा दी। पीछा होते देख वो अपनी गाड़ी को घुमाकर घर ले आया। जब उसकी पत्नी शीला नीचे उतरने लगी तो कैंपर से उसकी गाड़ी को टक्कर मारी गई। इसके बाद कैंपर सवारों ने उसकी पत्नी को भी टक्कर मारने का प्रयास किया, लेकिन वो अपना बचाव करने में सफल रही।
बलजीत ने बताया कि उसकी पत्नी को टक्कर मारने में नाकाम रहने पर बोलेरो सवारों ने उसकी अल्टो को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। बलजीत ने बताया कि जब उसने उतरकर घर भागने का प्रयास किया तो आरोपी हाथों में पिस्तौल लेकर उसके पीछे दौड़े। इसके बाद उसने घर से अपनी लाइसेंसी बंदूक ली और बचाव के लिए एक हवाई फायर किया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। बलजीत ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।