गर्मी से बचाव के लिए चरखी दादरी में मुख्य बाजार से छतरी लेकर गुजरती महिला।
चरखी दादरी। दो दिन हुई बूंदाबांदी के बाद दादरी जिले में फिर से तापमान बढ़ने लगा है। इसी कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से क्षेत्र में लू चलने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। अगले कुछ दिनों तक जिले का मौसम शुष्क रहने और लू चलने की संभावना है।
इसलिए जिला प्रशासन ने आमजन के लिए लू से बचाव का परामर्श जारी किया है। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने जिले के लोगों से सरकार की ओर से जारी सलाह का पालन कर लू से बचाव की अपील की है। इसके तहत लू से बचाव के लिए रेडियो पर स्थानीय मौसम संबंधी खबरें सुनें। टीवी देखें। समाचार पत्र पढ़ें। गर्मी में हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। अपना सिर ढककर रखें। कपड़े, हैट अथवा छतरी का उपयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं।
बच्चों को वाहनों में छोड़कर न जाएं। वहां उन्हें लू लगने का खतरा हो सकता है। नंगे पांव बाहर न जाएं। गर्मी से राहत के लिए हाथ का पंखा अपने पास रखें। काम के बीच में थोड़ा-थोड़ा विश्राम लें। खेत खलिहान में काम के बीच में पेड़ या छाया में रहें। जंक फूड का सेवन न करें। ताजे फल, सलाद और घर में बना खाना खाएं। खासतौर से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप से बचने का प्रयास करें।