चरखी दादरी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण(एचएसवीपी) शहर में बनने वाले चार सेक्टरों में से सबसे पहले दो सेक्टरों पर ध्यान केंद्रित करेगा। योजना के तहत सेक्टर आठ व नौ विकसित किए जाएंगे। उसके बाद शेष सेक्टरों का ढांचा तैयार किया जाएगा। पहले विकसित किए जाने वाले सेक्टरों में आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इन सेक्टरों में अब तक 522 प्लॉटों के ड्रॉ निकाले जा चुके हैं।
विकसित किए जाने वाले हुडा सेक्टरों में आठ, नौ, नौ-ए व सेक्टर 11 शामिल हैं। फिलहाल इन सेक्टरों में करीब 20 मकान ही बने हैं। सेक्टर 10 की करीब 54 एकड़ जमीन राज्य सरकार ने मिनी सचिवालय व न्यायिक परिसर निर्माण के लिए ले रखी है। सेक्टरों में बिजली पावर सब स्टेशन बनाने के लिए स्थानीय बिजली निगम कार्यालय की ओर से छह पत्र लिखे जा चुके हैं। निगम पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए जगह उपलब्ध करवाने की मांग कर रहा है।
बिजली आपूर्ति के लिए 33 केवीए पावर सब स्टेशन का निर्माण होना है। बिजली निगम की ओर से पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए करीब एक साल पहले प्रपोजल तैयार कर भेजा गया था। अब तक इसकी प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इसके लिए पत्राचार जारी है।
करीब 15 साल पहले शहर में सेक्टरों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सामान्य अस्पताल से महेंद्रगढ़ रोड के साथ शहर के बाहरी भाग में एचएसवीपी की ओर से जमीन का अधिग्रहण किया गया ताकि क्षेत्रवासियों को सेक्टरों की सुविधा मिल सके। चरखी दादरी में सेक्टरों की सुविधा के लिए लोगों की लंबे समय से मांग चली आ रही थी।
हुडा सेक्टर की सेक्टर 10 की जमीन को शहर में जिला सचिवालय व न्यायिक भवन निर्माण के लिए सरकार खरीद चुकी है। सरकार ने करीब 54 एकड़ जमीन खरीदी है। सेक्टर आठ व नौ में 522 ड्रॉ भी निकाले जा चुके हैं। जून 2017 में हुडा की ओर से शहर के सेक्टर आठ व नौ के ड्रॉ भी निकाले गए थे।
अलग से बनेगा एसटीपी
सेक्टरों के लिए एचएसवीपी प्रशासन अलग से नया एसटीपी भी बनवाएगा ताकि सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह से सुदृढ़ किया जा सके। गांव रामनगर के समीप शहर के लिए पहले से बने एसटीपी के समीप ही गांव कपूरी के समीप पांच एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है। एसटीपी निर्माण पूरा होने पर ही सीवरेज सिस्टम चालू हो सकेगा। एसटीपी निर्माण के लिए शहरी विकास प्राधिकरण अब जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र प्रस्ताव भेजने की तैयारी में है।
पिछले दिनों एचएसवीपी की ओर से इन सेक्टरों के गठन के लिए थोड़ी प्लान एवं ड्रॉइंग में भी बदलाव किया गया था। सेक्टरों के अगले हिस्से में थोड़ा बदलाव हुआ है ताकि सीवरेज, सड़कें व पेयजल का ठीक प्रकार से सिस्टम तैयार हो सके। यहां कुछ नई सड़कें और बनाई जानी हैं ताकि बाद में किसी प्रकार की कोई परेशानी न झेलनी पड़ें।
वर्सन
सेक्टरों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए विकास प्राधिकरण कार्य योजना पूरी करने में जुटा है। पहले सेक्टर आठ व नौ को तैयार किया जाना है। उसके बाद शेष सेक्टरों की ओर से ध्यान दिया जाएगा।-भूपेंद्र सिंह,कार्यकारी अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।