शहर के चिड़िया टी-प्वाइंट पर लगी ट्रैफिक लाइटें।
चरखी दादरी। शहर में लगाई गई ट्रैफिक लाइटें 20 दिन बाद शुरू हो जाएंगी। इसके बाद सड़कों पर वाहन इन लाइटों के इशारे पर दौड़ेंगे। फिलहाल नगर परिषद अधिकारी लाइटों को चालू कर इन्हें चेक कर रहे हैं। परीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इनका नियंत्रण यातायात पुलिस के हाथ में दिया जाएगा।
दरअसल, शहर में छह जगहों पर ट्रैफिक लाइटें लगी हैं। इन जगहों पर ट्रैफिक लाइट्स लगाने में 70 लाख का खर्च आया है। इनमें से समसपुर टी-प्वाइंट और चिड़िया टी-प्वाइंट पर विभाग की ओर से लाइट्स का कनेक्शन कर दिया गया है। यहां पर अभी वाहनों की टेस्टिंग की जा रही है। इसमें सफलता मिलने पर शहर की अन्य लाइटें भी शुरू की जाएंगी। इन दोनों स्थानों पर वाहन ट्रैफिक लाइटों के इशारे पर चल रहे हैं, लेकिन लाइटों को अधिक तवज्जो नहीं दी जा रही है। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी भी नियम तोड़ने पर चालकों के चालान नहीं कर रहे हैं। अभी केवल इनकी व्यवस्था जांची जा रही है।
चालान का होगा प्रावधान
ट्रैफिक लाइट शुरू होने के बाद नियम तोड़ने पर चालान भी किया जाएगा। शहर के लोहारू चौक, रावलधी चौक, महेंद्रगढ़ बाईपास पर लाइटें लग चुकी हैं और इन्हें शुरू किया जाना बाकी है। इन स्थानों पर भी परीक्षण किया जा रहा है। वहीं परशुराम चौक पर अभी ट्रैफिक लाइट नहीं लगी है। अधिकारियों का कहना है कि लाइटें शुरू होने के बाद शहर का यातायात व्यवस्था नियंत्रण में रहेगी और जाम से भी छुटकारा मिलेगा।
वर्जन :
हमारा प्रयास है कि 20 दिन के अंदर ट्रैफिक लाइटों का नियंत्रण यातायात पुलिस के हाथ में दे दिया जाए। फिलहाल लाइटों की टेस्टिंग चल रही है।
- नरेंद्र तनेजा, एमई, दादरी नगर परिषद