शहर के आर्य समाज मंदिर रोड स्थित दो दुकानों में लगी भीषण आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना से प्रभावित दुकानदारों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
उपायुक्त दिए ज्ञापन में दुकानदारों ने बताया कि वीरवार करीब 10:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकानें सैनी बैग हाउस और मुस्कान बैग हाउस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे तो देखा कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और दोनों दुकानें आग की लपटों से घिरी हुई थीं। सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
पीड़ित दुकानदार राहुल सैनी और सुमित कुमार ने बताया कि आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनके अनुसार सैनी बैग हाउस में करीब 13 से 14 लाख रुपये तथा मुस्कान बैग हाउस में लगभग 7 से 8 लाख रुपये का सामान रखा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गया। इस हादसे के कारण दोनों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
मामले की जांच करवाने के साथ-साथ आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।