चरखी दादरी। प्रदेश के उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिलों के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार बीए, बीकॉम और बीएससी आदि स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी विभाग के पोर्टल पर आगामी सात मई से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। 31 मई तक ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।
इसके बाद विभाग की ओर से मेरिट सूची जारी की जाएगी। दादरी जिले के आठ सरकारी और एडिड कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों की 4102 सीटों पर दाखिले होने हैं।
ये रहेगा प्रस्तावित शेड्यूल
शेड्यूल के अनुसार 17 से 25 अप्रैल तक संबंधित कॉलेजों द्वारा पोर्टल पर अपने-अपने कॉलेज से संबंधित जानकारी अपडेट की जाएगी। इसके बाद विद्यार्थी 7 से 31 मई तक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। सात मई से एक जून तक विद्यार्थी पंजीकरण में संशोधन भी कर सकेंगे।
नौ मई से छह जून तक कॉलेजों द्वारा संबंधित विद्यार्थियों द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद विभाग की ओर से 10 जून को पहली और 16 जून को दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी। कॉलेजों में सीटें खाली रहने पर 24 जून को फिजिकल काउंसिलिंग होगी।
ये है कॉलेज अनुसार सीटों का विवरण
कॉलेज का नाम बीए बीकॉम बीएससी
एपीजे कन्या कॉलेज दादरी 400 80 80
राजकीय महाविद्यालय बौंद कलां 242 80 00
राजकीय महाविद्यालय कादमा 160 80 00
राजकीय महाविद्यालय मांढी हरिया 160 80 00
राजकीय महिला महाविद्यालय बाढड़ा 320 80 100
राजकीय पीजी महाविद्यालय दादरी 240 80 00
जनता पीजी महाविद्यालय दादरी 560 160 320
महिला महाविद्यालय झोझू कलां 480 80 160
कुल 2562 720 660
नोट : जनता पीजी महाविद्यालय दादरी में इनके अलावा 80 सीटें बीएससी एक्चुरियल साइंस और 80 सीटें बीएससी लाइफ साइंस विषय की भी हैं।
वर्सन :
स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। आवेदन के समय विद्यार्थियों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड और जाति प्रमाण पत्र तैयार रखने होगे। विद्यार्थियों से अपील है कि वे पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें। कॉलेजों और विषयों का चयन सावधानीपूर्वक करें जिससे बाद में परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉ. जेएस मोर, प्राचार्य राजकीय पीजी कॉलेज कम जिला उच्च शिक्षा अधिकारी, दादरी।