दादरी और भिवानी जिले के अधिकारियों की बैठक लेतीं उपायुक्त मनदीप कौर।
चरखी दादरी। अवैध खनन रोकने के लिए जिला प्रशासन जल्द ही अरावली क्षेत्र की पैमाइश करवाएगा। यह कार्य राजस्व और वन विभाग आपसी सामंजस्य के साथ करेंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन ओवरलोडिंग पर शिकंजा कसेगा। मंगलवार को लघु सचिवालय में दादरी व भिवानी जिला टास्क फोर्स कमेटी की संयुक्त बैठक लेते हुए उपायुक्त मनदीप कौर ने कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं।
उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती बरती जाए, ताकि सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी के साथ सड़कों को सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित सड़कें और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध करवाना प्रशासन का प्रथम दायित्व है। इसके लिए ओवरलोड व अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगानी आवश्यक है। इसलिए अधिकारी संयुक्त टीमें बना कर फील्ड में उतरें और कार्रवाई कर नकेल कसें।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने के लिए पुलिस विभाग, टास्क फोर्स, खनन अधिकारी और पर्यावरण अधिकारी एक संयुक्त टीम का गठन करें ताकि मौके पर ही तमाम कार्रवाई की जा सके।
1,056 ओवरलोड वाहन पकड़ लगाया 3.25 करोड़ जुर्माना
उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा कि जिले में आरटीए टीमें ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर रही हैं। इसे अब और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में 1,056 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई कर टीमों ने 3.25 करोड़ रुपये जुर्माना लगाया है।