चरखी दादरी। सांसद धर्मबीर सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि दादरी जिला में मेडिकल काॅलेज की स्थापना के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जल्द जमीन का प्रस्ताव बनवाकर सरकार को भिजवाए, जिससे कि मुख्यमंत्री की इस बजट घोषणा पर कार्य शुरू करवाया जा सके।
सांसद ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सरकार की ओर से पूरा बजट दिया जा रहा है। नागरिकों को आपातकाल के समय तुरंत चिकित्सा सहायता मिलनी चाहिए। बिजली वितरण निगम के अधीक्षक अभियंता को सांसद ने निर्देश दिए कि बरसात के समय पानी की निकासी के लिए जेनरेटर व बिजली की मोटरें आदि चलाने का पूरा प्रबंध होना चाहिए। बिजली कनेक्शन नहीं मिलने की वजह से कई बार पानी निकालने में देरी हो जाती है। इन दिनों गर्मी के मौसम में बिजली तार पिघलने से आग लगने के हादसे हो रहे हैं। इसके लिए तारों को ठीक ढंग से लगाया जाए और उनमें उचित दूरी बनाकर रखें।
केंद्र सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए धर्मबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में दादरी नगर परिषद को 1281 आवेदन प्राप्त हुए थे जिनमें 834 पर कार्रवाई की गई और 267 को अभी तक मकान बनाने के लिए राशि दी गई है। नगर परिषद चेयरमैन बक्शी सैनी ने सांसद से अनुरोध किया कि इस पोर्टल को एक बार फिर से खुलवाया जाए, कई लोग इसमें आवेदन करने से वंचित रह गए हैं और योजना में पैतृक संपत्ति को लेकर मालिकाना हक की छूट मिलनी चाहिए।
स्वच्छता मिशन में लें पंचायतों का सहयोग
गांवों में चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के बारे में सांसद ने कहा कि आम जन को साथ लेकर ही किसी अभियान को सफल बनाया जा सकता है। इसलिए ग्राम पंचायतों के सहयोग से गांवों में युवाओं की टीमें बनाई जाएं, जो कि सफाई अभियान की कमान अपने हाथ में ले। उन्होंने कहा कि गांवों में वर्षा जल संग्रहण के लिए तालाबों का मनरेगा योजना से सुधार करवाया जाए। सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत गांव में बनाए जा रहे कचरा शेड के साथ ही कंपोस्ट खाद बनाने का कार्य मनरेगा से करवाया जाए। इसके अलावा जलघरों के टैंकों की सफाई करवाई जाए। सांसद निधि कोष की राशि को बौंद में पिछड़ा वर्ग की चौपाल के लिए खर्च नहीं किया गया, इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए।
- इन योजनाओं पर भी किया मंथन
दादरी के विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि सरकारी योजनाओं को संचालित करने में कोई परेशानी सामने आ रही है तो उसका निराकरण किया जाएगा। बैठक में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना आदि की समीक्षा की गई।
- ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उपायुक्त प्रीति, सीएमओ डाॅ. कृष्ण कुमार, बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता रणबीर सिंह, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता भरत सिंह, डाॅ. संजय गुप्ता, जिला बागवानी अधिकारी अरुण कुमार, कृषि विभाग के एसडीओ डाॅ. कृष्ण कुमार, आरटीए सचिव दर्शना भारद्वाज आदि मौजूद रहे।