बौंदकलां। मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत जिले में एक से 6 मई तक चौथे चरण के मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को बौंदकलां खंड के लाभार्थियों के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मेला लगाया गया। इसमें 370 परिवार आमंत्रित किए गए हैं और उन्हें विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभ प्रदान किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का निरीक्षण किया और वहां लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत दिए जा रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान विभागों के साथ विभिन्न बैंकों द्वारा भी स्टॉल लगाकर लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए गए और उन्हें संबंधित बैंकों को भेजा गया ताकि लाभार्थी शीघ्र अति शीघ्र ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित कर स्वयं व अपने परिवार की आय बढ़ा सके।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान लाभार्थियों के कौशल विकास के लिए उन्हें प्रशिक्षण प्रदान करने संबंधित जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना सरकार की एक अहम योजना है।
मेले में लाभार्थियों को योजनाओं लाभ देने के लिए ग्रामीण विकास विभाग, रोजगार विभाग, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग, मत्स्य विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, हरियाणा अनुसूचित जातियां वित्तीय एवं विकास निगम, हरियाणा महिला विकास निगम, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन, हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड, हरियाणा कौशल विकास मिशन, बागवानी विभाग, पशुपालन तथा डेयरी विभाग, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा, हरियाणा राज्य बाल विकास निगम, कॉमन सर्विस सेंटर, विकास और पंचायत विभाग और हरियाणा कौशल रोजगार निगम शामिल हैं।
- ये रहे मौजूद
इस दौरान दादरी के एसडीएम नवीन कुमार, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. जसवंत जून, जिला समाज कल्याण अधिकारी ओमप्रकाश राठौर, एलडीएम राजवर्धन प्रसाद, पीएनबी उप प्रबंधक राजवंती यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
- आज बाढड़ा में लगेगा मेला
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि 4 मई को बाढड़ा खंड के 398 लाभार्थियों के लिए विश्राम गृह बाढड़ा में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने पात्रों से मेले का लाभ उठाने की अपील की है।