चरखी दादरी। पंचायत चुनाव को लेकर उपायुक्त प्रीति ने सभी हथियार लाइसेंस धारकों को अपने हथियार जमा करवाने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि आदेशों की अवहेलना पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हथियार रखने वाले सभी लाइसेंस धारकों को अपने हथियार संबंधित थानों पर जमा करवाने को कहा गया है। उपायुक्त एवं जिलाधीश ने आदेश जारी कर कहा है कि पंचायत चुनाव के घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है और आगामी 9 नवंबर को जिला परिषद के लिए व 12 नवंबर को पंचायत समिति व पंच-सरपंच पद के लिए चुनाव होगा। पंचायत चुनाव को देखते हुए इस दौरान क्षेत्र में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी हथियार लाइसेंस धारकों को अपने हथियार संबंधित थानों में जमा करवा दें।