चरखी दादरी। डायल-112 आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग कर गंभीर अपराधों की झूठी सूचना देने वाले आठ लोगों के खिलाफ दादरी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस जांच में इन लोगों द्वारा दी गई सूचनाएं झूठी और भ्रामक पाई गईं। पुलिस ने सभी मामलों में धारा 217 के तहत कलंदरे तैयार कर अगस्त माह में न्यायालय में प्रस्तुत किए हैं।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा डायल-112 सेवा के दुरुपयोग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के अनुसार अगस्त 2026 के दौरान आठ लोगों ने डायल-112 पर छीना-झपटी, हत्या के प्रयास और यौन शोषण जैसे गंभीर अपराधों की मनगढ़ंत सूचनाएं दी थीं।
शिकायतों की जांच के दौरान इनमें से कोई भी सूचना सही नहीं पाई गई। झूठी सूचनाओं के कारण पुलिस बल और सरकारी संसाधनों का अनावश्यक इस्तेमाल हुआ। साथ ही ऐसी कॉल के कारण वास्तविक आपात स्थिति में जरूरतमंद लोगों तक समय पर पुलिस सहायता पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो सकती है। जिला पुलिस के अनुसार कार्रवाई के तहत थाना बाढ़ड़ा क्षेत्र के तीन, थाना शहर दादरी के दो तथा थाना सदर दादरी, थाना झोझू कलां और थाना बौंद कलां क्षेत्र के एक-एक कॉलर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसपी ने कहा कि डायल-112 सेवा नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए है। इसका उपयोग केवल वास्तविक और सही सूचना देने के लिए किया जाना चाहिए। झूठी, मनगढ़ंत या भ्रामक सूचना देकर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की कि डायल-112 पर केवल वास्तविक आपातकालीन स्थिति में ही कॉल करें और पुलिस को सही एवं तथ्यात्मक जानकारी दें।