फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी व अवैध स्टॉक पर कार्रवाई, आज से छापेमारी शुरू

Thu, 12 Mar 2026 01:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
पूर्ण मार्केट स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर लगी उपभोक्ताओं की कतार।  - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-इस्राइल-अमेरिका युद्ध का असर अब दादरी के बाजारों तक भी दिखाई देने लगा है। शहर में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति बंद हो गई है जिससे होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। उधर, घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध स्टॉक की आशंका को देखते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग भी सतर्क हो गया है। विभाग ने जिले के सभी खंडों में निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वीरवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बाजारों, ढाबों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों पर जांच की जाएगी।
विज्ञापन

कॉमर्शियल सिलिंडर वितरण पर रोक
जिले में फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडरों के वितरण पर रोक लगा दी है। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि उनके पास घरेलू गैस सिलिंडर का स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति सामान्य है। संचालकों के अनुसार नियमित रूप से स्टाॅक पहुंच रहा है। जिले में स्टॉक की काेई कमी नहीं है।


एजेंसियों पर लगी उपभोक्ताओं की भीड़
शहर स्थित गैस एजेंसियों पर पिछले दो दिनों से कॉमर्शियल और घरेलू सिलिंडर लेने वालों की भीड़ लगी हुई है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि कॉमर्शियल सिलिंडरों की नई खेप समय पर नहीं पहुंच रही है जिसके चलते फिलहाल वितरण रोकना पड़ा है। हालांकि जिले के अन्य कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में सिलिंडरों की आपूर्ति सामान्य बताई जा रही है।
विज्ञापन


बुकिंग में आ रही समस्या
जिले सहित प्रदेश भर में सिलिंडर की बुकिंग न होने से लोग परेशान हैं। केवल ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग की जा रही है लेकिन ऑनलाइन तरीके से लोगों के सिलिंडर बुक नहीं हो रहे हैं जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। इसका कारण साइट में तकनीकी खामी बताया जा रहा है। वहीं शादियों का सीजन भी चल रहा है, ऐसे में लोग सिलिंडर के बुकिंग व सिलिंडर की डिलीवरी के लिए भटक रहे हैं।
घरेलू सिलिंडर का कर रहे उपयोग
गैस की कमी के चलते कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलिंडरों का उपयोग भी बढ़ने लगा है। बाजार और शहर के अंदरूनी इलाकों में कई रेहड़ी चालकों और छोटे ढाबों पर घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग खुलेआम होता दिखाई दे रहा है।

एजेंसी के पास स्टॉक पूरा
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। कंपनी की ओर से नियमित रूप से स्टॉक भेजा जा रहा है और जल्द ही कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति भी सामान्य हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल वितरण पर नियंत्रण इसलिए किया गया है ताकि अचानक मांग बढ़ने पर किसी एक स्थान पर ज्यादा स्टॉक न निकल जाए।


वर्सन :
घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है और ऐसा पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए हर खंड व शहर के लिए टीमें बना दी हैं, जो वीरवार से नियमित चेकिंग करेंगी। - सुनील राठी, ऑडिटर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें