चरखी दादरी। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धियां प्राप्त करने वालीं महिलाओं से राज्यस्तरीय महिला पुरस्कार के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर है। इच्छुक महिलाएं महिला एवं बाल विकास कार्यालय में निर्धारित तिथि तक अपने आवेदन जमा करवा सकती हैं। यह पुरस्कार 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि महिला पुरस्कारों के तहत इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए 1 लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए 51 हजार व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को विभिन्न आठ श्रेणियाें में 21-21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारन ने बताया कि पहली श्रेणी में एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू और नर्स शामिल हैं। दूसरी श्रेणी में महिला खिलाड़ी, तीसरी श्रेणी में साक्षर महिला समूह सदस्य, चौथी श्रेणी में राजकीय कर्मचारी, पांचवीं श्रेणी में सामाजिक कार्यकर्ता, छठी श्रेणी में महिला उद्यमी, सातवीं श्रेणी में स्त्री शक्ति पुरस्कार और आठवीं श्रेणी में आंगनबाड़ी कर्मी शामिल हैं।