चरखी दादरी। मेजबान चौक के समीप स्थित मिड टाउन होटल संचालक का अपहरण और मारपीट मामले में गांव मौड़ी निवासी अमित उर्फ भांजा व कृष्ण को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो बरामद की गई। इसके बाद उन्हें न्यायालय के आदेश अनुसार जेल भेजा गया।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि एक सितंबर की रात शहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि टिकानकलां निवासी विजय मारपीट में लगी चोटों के कारण नागरिक अस्पताल में भर्ती हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस को दिए बयान में होटल संचालक विजय ने बताया कि कुछ दिन पहले गामड़ी क्षेत्र निवासी राहुल उर्फ गोले उससे मिला और होटल चलाने की एवज में उससे रंगदारी मांगी। साथ ही धमकी दी कि रंगदारी न देने पर होटल से उठवाकर गोली मरवा दूंगा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 28 अगस्त को रात करीब 10 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो होटल के बाहर आई। इसमें 5 युवक सवार थे। इनमें से तीन युवक नीचे उतरकर होटल के अंदर पहुंच गए। उन्होंने आते ही कहा कि गोले को मंथली क्यों नहीं दी। इसके बाद विजय ने उन्हें जेब से करीब 7000 रुपये निकालकर दे दिए। बावजूद इसके उक्त युवकों ने मारपीट की और उसे घसीटते हुए होटल से बाहर ले आए। वहां मौजूद दो युवकों ने भी उससे मारपीट की। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले पकड़ चुकी है।