पुलिस गिरफ्त में एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोपी।
चरखी दादरी। नांधा निवासी एक व्यक्ति से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी को स्पेशल स्टाफ ने काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के गंगानगर निवासी विक्रम उर्फ विक्की के रूप में हुई है। उसे पंजाब के फाजिल्का से काबू किया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 14 मार्च को नांधा निवासी सोहनलाल ने बाढड़ा थाने में एक शिकायत दी थी। उसने बताया था कि वो पहले ट्रांसपोर्टर था, जबकि अब खेती करता है। उसके मोबाइल पर एक कॉल आई और फोन करने वाले शख्स ने उससे एक करोड़ की रंगदारी मांगी। यह रकम न देने पर उसने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसपी दीपक गहलावत ने इस संबंध में मामला दर्ज करने का आदेश दिया था। इस मामले की जांच स्पेशल स्टाफ को सौंपी गई। 16 मार्च को स्पेशल स्टाफ टीम ने आरोपी को फाजिल्का के रामसरा गांव से गिरफ्तार कर लिया।