चरखी दादरी। ट्रक धोखाधड़ी के मामले में दादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंशी कन्डारा निवासी फुटी कुन्डी, बड़ोद, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। वहीं, जांच के दौरान उक्त ट्रक से संबंधित एक मामला बिहार के बक्सर में भी दर्ज पाया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव फतेहगढ़ निवासी नरेन्द्र कुमार सांगवान ने 27 अगस्त 2025 को थाना सदर दादरी में शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया कि वह टाटा 1916 ट्रक का मालिक है। उसने 11 फरवरी 2025 को यह ट्रक संजय निवासी खेड़ी पावड़ा, ढाणी चहल, जिला हिसार को इकरारनामे के आधार पर दिया था।
ट्रक पर लोन बकाया था और दोनों पक्षों के बीच तय हुआ था कि संजय लोन की किस्तें जमा करवाकर वाहन को अपने नाम करवा लेगा। शिकायतकर्ता के अनुसार संजय ने न तो लोन की किस्तें जमा करवाईं और न ही ट्रक वापस किया। इसके बाद शिकायत के आधार पर थाना सदर दादरी में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संजय, मुकेश निवासी बरवाला तथा हरप्रीत उर्फ तोती निवासी भिस्वी बोहा, पंजाब को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस को मामले में वंशी कन्डारा की संलिप्तता की जानकारी मिली। आरोपी को पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।