चरखी दादरी। करीब 23 दिन पहले वार्ड 11 निवासी अधिवक्ता के मकान पर हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने ट्रेस करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कबीर नगर निवासी अजय उर्फ कर्ण के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इसके अलावा चोरी की दो और वारदात कुबूल की हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 181 ग्राम सोने और चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि 16 जून को वार्ड 11 निवासी अधिवक्ता महेश राव ने सिटी थाने में चोरी की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 15 जून की रात को वह मकान बंद करके भिवानी अपने चाचा के पास गया था। 16 जून को जब वह अपने घर आया तो मेन गेट खुला मिला। अंदर कमरों के ताले टूटे मिले और घर से सोने-चांदी के गहने व नकदी गायब मिली। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच करते हुए पुलिस ने इस संबंध में कबीर नगर निवासी आरोपी अजय उर्फ कर्ण को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर 25 ग्राम सोने के और 156 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ने अपने एक और साथी का नाम उजागर किया है जो उसके साथी चोरी की और दो वारदात में शामिल था।
आरोपी ने बरामद करवाए ये गहने
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार के अनुसार आरोपी अजय ने दो लेडिज सोने की अंगुठी, एक सोने की नथ, एक सोने का टीका, एक जोड़ी सोने के टॉपस, एक लोंग, एक चांदी की तागड़ी, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, एक जोड़ी चांदी के कड़े बरामद हो चुके हैं।
जून में ही की थीं दो और चोरियां
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कुबूल कि दादरी निवासी दीपक के साथ मिलकर उसने इसके अलावा दो चोरियां और की थीं। एक चोरी उन्होंने 13 जून की रात प्रोफेसर कॉलोनी में और दूसरी 15 जून की रात वार्ड 11 के राव मोहल्ला में की थी। प्रवक्ता ने बताया कि इन तीन वारदातों के अलावा भी आरोपी अजय उर्फ कर्ण पर जनवरी 2021 में सिटी थाने में चोरी का केस दर्ज हुआ था।