चरखी दादरी। निमड़ी निवासी युवक से 1.17 लाख रुपये की ठगी के आरोपी लुधियाना के आंबेडकर नगर निवासी विक्रमजीत उर्फ विक्की को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से एक मोबाइल भी बरामद हुआ। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
दादरी पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि 17 जुलाई 2025 को निमड़ी निवासी अंकित ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को ठगी की शिकायत दी थी। उसने बताया था कि 7 जुलाई को सोशल मीडिया पर बच्चों के खिलौनों की बिक्री संबंधी वीडियो देखा। इसके बाद उसने वीडियो में दिए गए नंबर पर 4,000 कीमत की बच्चे की कार खरीदने का ऑर्डर दिया और 1500 रुपये का अग्रिम भुगतान कर दिया।
12 जुलाई को उसके पास कॉल आई और कॉल करने वाले शख्स ने कहा कि आपका पार्सल गुरुग्राम आया हुआ है और इस ऑर्डर को प्राप्त करने के लिए आपको बकाया राशि में से कुछ राशि और डालनी पड़ेगी। उसके बाद उसने 1799 रुपये एक क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दिए। ऐसे ही उसको झांसे में लेकर कुल 1,17160 रुपये का फ्रॉड किया गया। अंकित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। सोमवार को हेड कांस्टेबल शिव कुमार ने आरोपी को काबू कर लिया।