संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के तीन गांवों को जल्द ही आयुष डिस्पेंसरी की सौगात मिलेगी। इसके लिए पंचायती राज विभाग ने टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं। इस सप्ताह के मध्य तक टेंडर खोला जाएगा। इसके बाद कार्य आवंटित करने व कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तीनों गांवों में डिस्पेंसरी भवन बनने से करीब तेरह हजार की आबादी को फायदा मिलेगा।
गांव लाड, मोरवाला और तिवाला में आयुष डिस्पेंसरी भवन का निर्माण करवाया जाएगा। भवन बनने के बाद विभाग की ओर से यहां स्टाफ की तैनाती की जाएगी। तीनों गांवों में डिस्पेंसरी भवन निर्माण पर करीब 1.28 करोड़ रुपये लागत आएगी।
अधिकारियों का प्रयास है कि जल्द टेंडर प्रक्रिया सिरे चढ़ाकर धरातल पर काम शुरू करवाया जाए। दरअसल, तीनों गांवों में आयुष डिस्पेंसरी भवन की मांग लंबे समय से उठ रही है। अब जाकर यह मांग परवान चढ़ेगी। आयुष विभाग भवन का निर्माण पंचायती राज विभाग के जरिए करवाएगा। इसके लिए कागजी कार्रवाई पहले ही पूरी की जा चुकी है।
वहीं, पंचायत विभाग के अधिकारियों की मानें तो करीब दस दिन पहले तीनों गांवों में भवन निर्माण का टेंडर आमंत्रित किया गया था। इस सप्ताह के मध्य तक खोला जाएगा। इसके बाद एजेंसी तय कर कार्यादेश जारी कर दिए जाएंगे।
बाढड़ा खंड के लाड गांव की आबादी करीब साढ़े चार हजार, मोरवाला गांव की आबादी करीब चार हजार है। वहीं, तिवाला गांव की आबादी भी करीब साढ़े चार हजार है। इस प्रकार, करीब 13,000 ग्रामीणों को आयुष डिस्पेंसरी भवन का लाभ मिलेगा।ो