दादरी नागरिक अस्पताल में इंतजार करते हुए मृतक के परिजन।
बौंदकलां। ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले एक युवा श्रमिक ने गांव सौंप-कासनी स्थित खेल स्टेडियम में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। मृतक की पहचान यूपी के प्रतापपुर निवासी करम कुमार (20) के रूप में हुई। मृतक के पिता रमेश कुमार के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता रमेश ने बताया कि वे आठ साल से सौंप-कासनी में रहते हैं और भट्ठे पर काम करते हैं। फरवरी माह में करम कुमार गांव से भट्ठे पर काम करने के लिए आया था। तब से वह उन्हीं के पास रहता था और काम करता था। बुधवार शाम को उन्होंने साथ ही खाना खाया और बाद में सो गए थे।
रमेश कुमार ने बताया कि रात को न जाने कब करम कुमार ने उठकर यह कदम उठाया लिया और परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। भट्ठे के पास ही खेल स्टेडियम है और इसमें खेलने व व्यायाम के लिए टीन शेड बनाई हुई है। सुबह खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे तो उन्हें शेड के नीचे पाइप से एक युवक लटका मिला। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। मृतक अपने पिता की तीन संतानों में मंझला था।
एफएसएल टीम भी पहुंची मौके पर
सूचना मिलने के बाद बौंदकलां थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इसके बाद एफएसएल (फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस टीम शव लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची और दोपहर को कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल मुनीश कुमार ने पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया।