गांव बिरही-मैहड़ा रोड पर इंदिरा कैनाल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शूटिंग खेल के राष्ट्रीय खिलाड़ी मैहड़ा निवासी 24 वर्षीय विशाल की मौत हो गई तथा उसका दोस्त नृपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को नागरिक अस्पताल में करवाया गया।
हादसा सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे हुआ। गांव मैहड़ा निवासी विशाल अपने दोस्त नृपेंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से घर आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को दादरी के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया और नृपेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद राेहतक पीजीआई में रेफर कर दिया।
जांच अधिकारी ओमबीर ने बताया कि पुलिस को हादसे की सूचना मिली थी। माैके पर पहुंचकर मुआयना किया गया और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पिता कुलदीप के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
भारतीय टीम में चयन के थे दावेदार
परिजनों के अनुसार विशाल ने शूटिंग गेम में शानदार प्रदर्शन किया। अब भारतीय शूटिंग टीम में उसके चयन का अंतिम चरण चल रहा था। भारतीय टीम में चयनित होने के लिए वह 6 में से 5 टेस्ट पास कर चुका था और जल्द ही अंतिम टेस्ट देने वाला था। विशाल हिसार की एक एकेडमी में अभ्यास करता था।
20 से ज्यादा पदक जीत चुका था विशाल
विशाल के पिता कुलदीप सांगवान ने बताया कि विशाल का बचपन से ही शूटिंग खेल की तरफ रुझान था। वह 20 ये ज्यादा पदक जीत चुका था। उसने सीडीएस की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी तथा आगामी छह दिसंबर को उसका साक्षात्कार होना था। साथ ही एसिस्टेंट कमांडर की परीक्षा भी पास कर चुका था।