नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर कार्रवाई करते जीआरपी चौकी प्रभारी सुशील कुमार।
चरखी दादरी। शहर के रोहतक फाटक के पास वीरवार रात एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है और जीआरपी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि वीरवार रात को करीब 10 बजे भिवानी की ओर से एक मालगाड़ी आई थी। उसके लोको पायलट ने जीआरपी पुलिस को जानकारी दी रोहतक फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इसके बाद टीम पहुंची और मौके का मुआयना किया। रोहतक फाटक से करीब तीन मीटर दूरी पर पटरियों के बीच एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था और उसका सिर कट हुआ पाया गया।
इसके बाद टीम ने शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शिनाख्त के लिए शव को अगले 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है और पुलिस ने मृतक की फोटो दिखाकर लोगों से पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। हालांकि, लोगों ने उसे रेलवे स्टेशन के पास अक्सर घूमते हुए देखा है।
मृतक के पास से मिले 2,700 रुपये
मृतक के दाहिने पैर की छोटी दो अंगुलियां आपस में चिपके हुए हैं। उसके कपड़ों से पुलिस ने 2700 रुपये बरामद किए हैं। पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। फिलहाल जीआरपी चौकी पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
-वीरवार रात को हादसे की सूचना मिलने पर मौके से शव कब्जे में लिया गया। अभी शिनाख्त जारी है और पहचान होने तक शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखा गया है।
- सुशील कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी, दादरी