चरखी दादरी। नहर में डूबने से वीरवार शाम नेपाल निवासी भरत और ठीठ मिलकपुर निवासी हरीश की मौत हो गई। नेपाल निवासी भरत खेड़ी बत्तर के समीप व हरीश इमलोटा गांव में समीप से गुजर रही नहर में गिरा। दोनों मामलों में पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत होने संबंधी कार्रवाई की है। पुलिस को मृतक भरत का नहर से शव बरामद करने में करीब 17 घंटे लग गए।
जानकारी के अनुसार नेपाल के डोटी कलेना निवासी भरत (42) करीब नौ माह पहले काम की तलाश में जिले में आया था। यहां आने के बाद उसकी खेड़ी बत्तर क्रशर जोन स्थित एक क्रशर पर नौकरी लग गई। बताया जा रहा है कि वीरवार शाम करीब सात बजे वह नहर के पास मौजूदा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नहर में गिरा गया। तैरना न आने की वजह भरत डूबने लगा तो वहां मौजूद उसके साथियों ने मदद के लिए आवाज लगाई। मामले की सूचना मिलते ही देर शाम सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक भरत पानी में डूब चुका था।
पुलिस टीम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर नहर में पानी बंद करवा दिया। शाम को भी सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन भरत का सुराग नहीं लगा और रात होने के चलते पुलिस को अभियान बंद करना पड़ा। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोबारा से सर्च अभियान शुरू करवाया और करीब डेढ़ घंटे बाद भरत का शव नहर से बरामद हो गया। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के तीन बच्चे हैं।
ठीठ मिलकपुर निवासी मृतक युवक करता था मजदूरी
ठीक मिलकपुर निवासी हरीश (22) की भी वीरवार शाम नहर में डूबने से मौत हो गई। इमलोटा चौकी पुलिस ने देर शाम ही उसका शव नहर से बरामद कर लिया। मृतक के परिजनों के बयान पर पुलिस ने इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक मजदूरी करता था और वीरवार को काम से आने के बाद नहर में नहा रहा था।
तीन दिन में नहर में डूबने से हुई तीन की मौत
पिछले तीन दिनों में नहर में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। इन दो मामलों से पहले बाढड़ा क्षेत्र निवासी एक युवक नहर में डूब गया था और उसका शव भी करीब 20 घंटे बाद बरामद हुआ था।