चरखी दादरी। हरियाणा की नायब सरकार की ओर से ग्रामीण विकास और सामाजिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत जिले के गांव समसपुर में नए आंबेडकर भवन के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। विधायक सुनील सांगवान ने भवन की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन ग्रामीणों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। इसी सोच के अनुरूप दादरी हलके में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों की प्रेरणा देते हैं और यह भवन उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।
विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास पहुंचाना और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। आंबेडकर भवन के निर्माण से ग्रामीणों को बैठकों, सामाजिक आयोजनों, जागरूकता कार्यक्रमों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर भूमि पूजन के बाद नींव का पत्थर रखा गया।
कार्यक्रम में गांव की सरपंच नीतू देवी, सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह, ललित शर्मा, नंदू, चांद पंच, महेंद्र कोच, धर्मबीर सिंह, विनोद फोगाट सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।