चरखी दादरी। शहर के बाजारों में दुकानदारों की ओर से खुले में कचरा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए नगर परिषद ने सख्ती के साथ जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत सफाई शाखा की टीम ने विभिन्न बाजारों में पहुंचकर दुकानों के बाहर फैले कचरे की तस्वीरें खींचीं। उन्होंने दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर परिषद को कुछ समय से शिकायतें मिल रही थी कि बाजार में काफी दिनों से दुकानदार कचरे का निस्तारण करने की अपेक्षा बाहर खुले में ही कचरा डाल रहे हैं। हालांकि नगर परिषद के कर्मचारी व अधिकारी समय-समय पर जागरूकता अभियान चला डस्टबिन रखने की चेतावनी देते रहे हैं, बावजूद दुकानदार लापरवाही बरत दुकानों के कचरे को बाहर ही डाल रहे थे। इसी के चलते नगर परिषद की सफाई शाखा की ओर से शनिवार को सफाई निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने जिन दुकानों के बाहर खुले में कूड़ा पड़ा था, वहां फैले कचरे की तस्वीरें खींचीं। टीम ने संबंधित दुकानदारों को समझाया कि वे कचरे को सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में एकत्रित करें। इसके अलावा बाजारों में मुनादी करवाकर व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
नगर परिषद का उद्देश्य बाजारों में जगह-जगह लगने वाले कचरे के ढेरों पर रोक लगाना और सार्वजनिक स्थानों को साफ-सुथरा रखना है। अधिकारियों ने दुकानदारों को बताया कि शहर की सफाई केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें व्यापारियों और आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। जागरूकता अभियान में नगर परिषद की इनफॉरमेशन एजुकेशन एंड कम्युनिकेशन एक्सपर्ट प्रतिनिधि सीमा देवी, एसआई विजय कुमार, मनीता और अनुराग शामिल रहे। वहीं सफाई कर्मचारी प्रधान सूरज के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों की टीम ने भी बाजारों में दुकानदारों को डस्टबिन रखने और कचरे का उचित प्रबंधन करने के लिए प्रेरित किया।