बैडमिंटन का मैच खेलते भारतीय जोड़ी।
- फोटो : 1
बाढड़ा। गांव नांधा निवासी नितेश की भारतीय बैडमिंटन जोड़ी ने चीन की ली मिंगपान और शियाओ जूजियान की जोड़ी को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने 21-19, 14-21, 21-17 से जीत दर्ज की। 42 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने निर्णायक तीसरे गेम में शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की और स्वर्ण पदक की उम्मीदें कायम रखीं।
सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में 21-19 से जीत दर्ज कर बढ़त बनाई। हालांकि, दूसरे गेम में चीनी जोड़ी ने वापसी करते हुए 21-14 से गेम अपने नाम कर लिया। इसके बाद मुकाबला निर्णायक तीसरे गेम में पहुंच गया। भारतीय जोड़ी ने दबाव के बीच अपनी लय हासिल की और 21-17 से गेम जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
खिलाड़ी नितेश ने स्वीकार किया कि मुकाबले के बीच उनका ध्यान भटकने से कुछ गलतियां हुईं। हालांकि, तीसरे गेम में लय वापस हासिल करने से भारतीय जोड़ी को बढ़त बनाने में मदद मिली।
सेमीफाइनल में जीत के बाद भारतीय जोड़ी का सामना अब फाइनल में इंडोनेशिया की लेआनी रात्रि ओक्तिला और हिकमत रमदानी की जोड़ी से होगा। भारतीय खिलाड़ियों की नजरें अब खिताबी मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने पर रहेंगी।
जीत के बाद थुलासिमथि ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि टीम के लिए यह जीत काफी अहम है। अब पूरा ध्यान फाइनल मुकाबले पर केंद्रित करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय जोड़ी खिताबी मुकाबले में भी बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।