चरखी दादरी। शहर के वार्ड-5 निवासी दुकानदार को महेंद्रगढ़ चौक के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-5 निवासी प्रदीप ने बताया कि महेंद्रगढ़ चौक के पास स्थित ऑटो मार्केट में उनकी दुकान है। दुकान वह और उसका भाई संदीप संभालते हैं। 12 मार्च को उसका भाई दूसरी दुकान से सामान लाने के लिए रोड पार कर रहा था और उसी दौरान एक बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद एक मिस्त्री ने दुकान पर आकर उसे हादसे की सूचना दी।
इसके बाद वह मौके पर पहुंचा और बाइक चालक की मदद से वाहन का प्रबंध कर घायल संदीप को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दादरी नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद संदीप को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। हादसे में लगी चोटों के कारण संदीप बयान देने की हालत में नहीं है और अब उसके भाई प्रदीप ने बाइक चालक के खिलाफ शिकायत दी है। शहर पुलिस थाना के जांच अधिकारी एवं एएसआई विजेंद्र ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।