दादरी अनाज मंडी में पहले दिन धीमी रही खरीद प्रक्रिया, 37 किसानों के काटे गए गेटपास
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी अनाज मंडी में मंगलवार से बाजरा की आवक शुरू हो गई है। पहले दिन की अगर बात करें तो 1125 क्विंटल बाजरा मंडी पहुंचा। वहीं, नमी के चलते महज 99 क्विंटल की ही खरीद हो पाई। वहीं, किसानों ने बाजरा सुखाने के लिए मंडी में ढेरी फैला दी। बुधवार से बाजरे की आवक और खरीद के जोर पकड़ने की उम्मीद है।
पहले दिन मार्केट कमेटी ने 37 किसानों को गेटपास जारी किए। इसके बाद किसानों ने मंडी परिसर में बाजरे की ढेरियां उतार दीं। खरीद एजेंसी हैफेड के कर्मचारियों ने बाजरे की ढेरियों में नमी की जांच की। इसके बाद 1125 क्विंटल में से महज 99 क्विंटल बाजरा ही खरीदा।
दरअसल, खरीफ की फसल में जिले के किसानों ने 61 हजार हेक्टेयर जमीन पर बाजरे की बिजाई की थी। इसके मद्देनजर मार्केट कमेटी प्रशासन ने खरीद को लेकर पहले ही अपनी तैयारियां कर लीं। कमेटी सचिव ने बताया कि अभी बाजरे में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण लगभग एक हजार क्विंटल की खरीद नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मंडी में फसल लेकर आने वाले सभी किसानों के गेट पास काट दिए जाएंगे। नमी दूर होते ही बाजरा खरीद लिया जाएगा।
- 56,810 किसानों ने करवाया पंजीकरण
सरकारी भाव अच्छे मिलने के चलते मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर जिले के 56,810 किसानों ने अपनी 2,56,113 एकड़ जमीन का पंजीकरण करवाया है। खरीद एजेंसी अधिकारी पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की ही फसल सरकारी भाव पर खरीदेंगे।
वर्सन:
अनाज मंडी में फसल बेचने आने वाले किसानों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करवा दी गई हैं। मंगलवार को पहले दिन केवल 37 किसानों ने 1125 क्विंटल बाजरे की फसल बेचने के लिए गेटपास कटवाए। नमी के चलते करीब 99 क्विंटल बाजरा खरीदा गया।
-विद्यासागर देशवाल, सचिव, मार्केट कमेटी
फोटो: 37
दादरी अनाज मंडी परिसर में बाजारे की ट्रॉली खाली करता किसान। संवाद