संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले की नहरों में इस बार मांग एवं जरूरत के अनुसार पानी मिला है। वहीं, सिंचाई और जनस्वास्थ्य विभाग ने नहरों में पानी पहुंचते ही जलघरों व तालाबों में पानी भरना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का दावा है कि तत्परता से करीब 60 जलघर और 150 तालाब भर दिए जाएंगे। वहीं, नहरों में पानी आने के बाद अब जिले के करीब छह लाख लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
24 दिन बाद 12 जून को सुबह दादरी जिले की नहरों में पानी पहुंचा है। इस समय लोहारू व बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी में पानी छोड़ रखा है। जिले को इस बार 900 क्यूसेक पानी मिला है। पानी पहुंचते ही सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने जलघरों व तालाबों में पानी डलवाना शुरू कर दिया है।
विभाग की ओर से अधिकारी पानी की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जेई व एसडीओ साइटों का दौरा कर रहे हैं। दरअसल, जलघरों में पानी डाले जाने की सख्त जरूरत है। वहीं, विभाग सभी जलघरों को 12 दिन में भरने की योजना पर काम कर रहा है। जिले को आमतौर पर अब तक 850-900 क्यूसेक पानी मिलता रहा है। पिछली बार तो 580 क्यूसेक ही पानी मिला था। जिले भर में 60 से ज्यादा जलघर हैं। इस समय बधवाना डिस्ट्रीब्यूटरी व लोहारू कैनाल में पानी चल रहा है।
इन नहरों के अधीन 60 से ज्यादा जलघर व 75 तालाब हैं। सभी जलघर खाली पड़े हैं। वैसे खरीफ की फसलों के लिए फिलहाल किसानों को नहरी पानी की इतनी जरूरत नहीं है। कुछ किसान धान की रोपाई की जरूर तैयारी कर रहे हैं। उनमें पानी की खपत हो सकती है।
ऐसे की जा रही नहरों से पानी की उठान : नहरों से पानी की उठान के लिए पंप व मोटर लगा रखी हैं। कपूरी जलघर पर एक ट्रैक्टर और लगाया जाएगा। नहरों में हेड से साफ पानी छोड़ा गया है। इससे जलघरों में भी पानी की गुणवत्ता में सुधार आएगा।