मुक्केबाज को विजेता घोषित करते रेफरी। संवाद
फोटो - 18
बॉक्सिंग मुकाबले के दौरान प्रतिद्वंद्वी को पंच जड़ते मुक्केबाज। संवाद
- रुपाणा बॉक्सिंग क्लब में सुबह 9 बजे शुरू हुई मुक्केबाजी स्पर्धा, ट्रायल के आधार पर राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। राज्यस्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए पुरुष खिलाड़ियों का ट्रायल मंगलवार को आयोजित किया गया। रुपाणा बॉक्सिंग क्लब में आयोजित ट्रायल में 50 मुक्केबाजों ने भाग लिया और विभिन्न आयुवर्ग में अपनी चुनौती पेश की। मुकाबले के आधार पर इनमें से 9 का चयन राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ।
कोच कैलाश गिल ने बताया कि पंचकूला में 27 से 29 जून तक राज्यस्तरीय मुक्केबाजी स्पर्धा आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रदेश के हर जिले से खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। जिले में दो दिवसीय ट्रायल आयोजित किया। पहले दिन महिला मुक्केबाजों का ट्रायल हुआ। दूसरे दिन पुरुषों के मुकाबले हुए।
जिले में वरिष्ठ आयुवर्ग 47-50, 55, 60, 65, 70, 75, 80, 85, 90, 90 प्लस किलोग्राम भारवर्ग की श्रेणी रही। इसके लिए सुबह 7 बजे वजन प्रक्रिया शुरू हुई, जो 9 बजे तक चली। सभी खिलाड़ियों का वजन करने के आधे घंटे बाद ही प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
मुकाबलों में 45-50 किलोग्राम भारवर्ग में प्रवेश ने प्रतिद्वंद्वी को हराकर पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद 55 किलोग्राम का मुकाबला हुआ। इसमें सचिन के पंच का दबदबा रहा। 60 किलोग्राम भारवर्ग में प्रवीण विजेता बना जबकि 65 किलोग्राम में मोनू ने अपने प्रतिद्वंद्वी को परास्त किया।
इसके बाद 70 किलोग्राम भारवर्ग में मुकाबले में मनदीप विजेता रहा। अगला मुकाबला 75 किलोग्राम भारवर्ग में हुआ। इसमें रूप सिंह ने जीत हासिल की।
इसी तरह, 85 किलोग्राम भारवर्ग में कुनाल, 90 किलोग्राम में क्रिश और 90 प्लस में राहुल कुमार ने जीत हासिल की। अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया। इनका चयन राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ। अब इन खिलाड़ियों को विभाग की ओर से आयोजित होने वाले शिविर में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- इन्होंने निभाई निर्णायक की भूमिका
ट्रायल में कोच कप्तान सिंह, सतीश जाखड़, विश्वभगवान आदि ने निर्णायक की भूमिका निभाई जबकि कुलदीप साहू, प्रदीप, डंपी पहलवान, विरेंद्र पहलवान, रामअवतार आदि मौजूद रहे।