चरखी दादरी जिले में सरंपच और पंच चुनाव में दादरी जिले में बंपर मतदान हुआ। 161 गांवों के 431 बूथों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई और 3,37,923 में से 2,75,764 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांवों के मुखिया चुने। जिले में 81.6 प्रतिशत मतदान हुआ जो जिला परिषद और पंचायत समिति से 11.1 प्रतिशत अधिक है। सबसे अहम बात यह रही कि एक-दो छिटपुट घटनाओं को छोड़कर जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। देर शाम ही मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए और कुछ गांवों में दोबारा गिनती भी हुई।
बता दें कि जिले में 165 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से चार के मुखिया निर्विरोध चुने गए जबकि 161 सरपंच और 502 पंच चुनने के लिए शनिवार को मतदान हुआ। शनिवार सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। इसमें 1600 पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। इनके अलावा 1800 कर्मचारियों ने भी मतदान संपन्न कराने में सहयोग किया।
सुरक्षा के मद्देनजर मतदान के लिए दूसरे जिलों से अतिरिक्त फोर्स मंगाई गई। राहत भरी बात यह रही कि किसी भी मतदान केंद्र पर कोई हिंसा की घटना सामने नहीं आई। शाम छह बजे मतदान खत्म होने के बाद सभी 431 बूथों पर पोलिंग पार्टियों ने मतगणना कार्य कर विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
बिगोवा में बदली पोलिंग पार्टी
बिगोवा के मतदान केंद्र पर पोलिंग पार्टी के लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान जब डीसी प्रीति यहां पहुंची तो उन्हें पोलिंग स्टाफ हाजिर नहीं मिला। इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने पूरा पोलिंग स्टाफ ही बदल दिया। सूत्रों के अनुसार पोलिंग स्टाफ ने खाना खाने का तर्क दिया, लेकिन इसे अनसुना कर दिया गया।
राजनेता समर्थित प्रत्याशियों को झेलनी पड़ी हार
सरपंच के चुनाव में कुछ प्रत्याशियों को राजनेताओं का पूरा समर्थन रहा। बावजूद इसके उक्त प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं कुछ किसान नेताओं ने भी चुनाव में अपना भाग्य आजमाया। उन्हें भी न केवल शिकस्त झेलनी पड़ी, बल्कि वोट भी कम मिली। इसके बाद सोशल मीडिया पर उन पर खूब तंज कसे गए।
जानिये...बुधवार को हुए हुए मतदान से संबंधित ब्योरा
ग्राम पंचायतें-161
ब्लॉक - 4
मतदाता - 3.37 लाख
पोलिंग बूथ - 431
पुलिस फोर्स - 1700
अधिकारी कर्मचारी - 1756
पोलिंग पार्टियां - 431
- सुबह 7 से शाम 6 बजे तक चारों ब्लॉक में यूं हुआ मतदान
खंड का नाम- कुल मतदाता- वोट डले- प्रतिशत
बाढड़ा -74156- 62720-84.6
बौंदकलां - 69989- 54073-77.3
दादरी -104334-84935-81.4
झोझूकलां - 89444- 74036- 82.8
जिले में सरपंच और पंच के चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुए। चारों ब्लॉक में 81.6 प्रतिशत मतदान हुआ है। सर्वाधिक मतदान बाढड़ा ब्लॉक में हुआ। -प्रीति, जिला उपायुक्त, चरखी दादरी
चुनाव के दौरान जिले के बूथों पर सुरक्षा प्रबंध कड़े रहे। मतदान में कहीं किसी प्रकार का व्यवधान नहीं हुआ और चुनाव शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुए। -दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी