चरखी दादरी। गांव बास निवासी 64 वर्षीय राजेंद्र की पड़ोसी से कहासुनी के बाद तबीयत बिगड़ने पर मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी के लगातार परेशान करने से यह घटना हुई। वहीं पुलिस ने मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। शव का चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र हृदय रोग से पीड़ित थे और करीब दो महीने पहले उनके हृदय में स्टेंट (छल्ले) डाले गए थे। परिजनों का कहना है कि पड़ोस का एक व्यक्ति उन्हें काफी समय से परेशान कर रहा था जिसकी शिकायत पहले भी पुलिस को दी जा चुकी थी।
बताया गया कि शुक्रवार को जब परिवार के बच्चे को लेने के लिए स्कूल वैन गांव में पहुंची तो उसी दौरान पड़ोसी व्यक्ति के साथ कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान राजेंद्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें घबराहट व सीने में दर्द की शिकायत हुई।
परिजन तुरंत उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। वहीं चिकित्सकों के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया।
मृतक के बेटे अरविंद ने पुलिस को दिए बयान में पड़ोसी पर पिता को लगातार परेशान करने और घटना के लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एचसी अमित ने बताया कि फिलहाल मामले में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।