संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मंदोला निवासी एक व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार बन गया। ठग ने उसके परिचित की व्हाट्सएप पर डीपी लगाकर रुपये उधार मांगे तो उसने 64 हजार रुपये ठग के खाते में डाल दिए। अपने परिचित से बातचीत करने पर उसे ठगी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने राजस्थान निवासी आरोपी जितेंद्र को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में मंदोला निवासी बिजेंद्र ने बताया कि गत 18 जनवरी को उसके पास एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर मैसेज आया। उक्त व्हाट्सएप नंबर की डीपी उनके गांव निवासी एक युवक मनजीत की थी। उसने सोचा की यह नंबर उसके परिचित मनजीत का है। मैसेज भेजने वाले शख्स ने उससे रुपये उधार मांगे। बिजेंद्र ने उसे मनजीत समझकर उसके खाते में 9000, 15000, 25000 और 15000 रुपये खाते में डाल दिए। बिजेंद्र ने बताया कि 64 हजार भेजने के बाद भी आरोपी ने रुपये की मांग की ताे उसे संदेह हुआ। इसके बाद उसने मनजीत के घर जाकर पूछताछ की तो पता चला कि कोई और व्यक्ति मनजीत की फोटो लगाकर उससे पैसे ले रहा था। अब उसने पुलिस को इसकी शिकायत देकर आरोपी का पता लगाकर पैसे बरामद कराने की मांग की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 419 और 420 के तहत केस दर्जकर उसे 24 घंटे के अंदर काबू कर लिया।
दो मोबाइल हुए बरामद
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि आरोपी जितेंद्र राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव मैनापुरी का रहने वाला है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपी से पुलिस ने दो मोबाइल भी बरामद किए हैं।