नगर परिषद में आयोजित शिविर में लाभार्थियों को लोन स्वीकृति के पत्र भेंट करते हुए चेयरमैन बक्शीर
चरखी दादरी। शहर स्थित नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को स्वनिधि भी स्वाभिमान भी पखवाड़ा के तहत शिविर आयोजित किया गया। इसमें शहर के 80 महिला व पुरुष आवेदकों ने भाग लिया। वहीं, नगर परिषद अधिकारियों ने इनमें से 61 को 11.10 लाख के लोन स्वीकृति पत्र वितरित किए।
बता दें कि शिविर में आठ योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी व कार्यकारी अधिकारी राजेश वर्मा की अध्यक्षता रही। उन्होंने महिलाओं और पुरुषों की फॉर्म जांचे और लोन संबंधी प्रक्रिया के लिए संबंधित बैंक प्रतिनिधि के पास भेजा। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन प्रधानमंत्री योजनाओं का हर योग्य पात्र को लाभ पहुंचाने के लिए जा रहा है। इसमें प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना, मजदूर कॉपी, एक देश-एक राशन कार्ड, प्रधानमंत्री मानधन योजना आदि की जानकारी दी गई।
चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने पात्रों को मौके पर ही 10 हजार से 50 हजार तक लोन स्वीकृति के पत्र वितरित किए। बैंक प्रतिनिधियों ने दस्तावेज जांच कर पात्रों की लोन प्रक्रिया आगे बढ़ाई। शहर के सभी बैंकों में निरंतर पखवाड़े का संचालन किया जा रहा है।
जानिये...कितने आवेदकों को मिला कितना लोन
शिविर में 35 पात्रों को 10-10 हजार रुपये, 18 को 20-20 हजार और 6 को 50-50 हजार रुपये लोन दिया गया है। अब ये पात्र बैंक में जाकर अपनी प्रक्रिया पूरी करेंगे और इसके बाद खाते में लोन के रुपये भेजे जाएंगे। इस दौरान रेहड़ी संचालक, दुकानदार, लोहार, मजदूर व अन्य कारीगर मौजूद रहे।