चरखी दादरी के सरल केंद्र में खाली पड़ी कंप्यूटर ऑपरेटर्स की कुर्सियां।
चरखी दादरी। कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल वीरवार को भी जारी रही। इसके चलते चौथे दिन भी दादरी और बाढड़ा सरल केंद्र वीरान रहे। वहीं, चार दिन की हड़ताल से जिले में विभिन्न सेवाओं के करीब 6,000 आवेदन अटक गए हैं जबकि सरकार को 10 करोड़ के राजस्व का नुकसान हो चुका है। वहीं, हड़ताल लंबी खींचने के चलते अब आमजन की परेशानी बढ़ने लगी है।
कंप्यूटर ऑपरेटर एसोसिएशन पदाधिकारियों की मानें तो चार दिन सेवाएं ठप रहने से 1,600 जमाबंदी नकल के आवेदन समेत 350 ड्राइविंग लाइसेंस, 300 आरसी और 300 रजिस्ट्री नहीं हो पाईं। बता दें कि लंबित मांगों को लेकर कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। जिले में तैनात सभी 90 कंप्यूटर ऑपरेटर्स हड़ताल के चलते अपनी सेवाएं नहीं दे रहे हैं। चार दिन की हड़ताल से पहले दो दिन शनिवार व रविवार का अवकाश था और ऐसे में पिछले 5 दिनों से आवेदन न कर पाने से आमजन परेशान हैं।
हड़ताल के चलते दादरी और बाढड़ा सरल केंद्र वीरवार को सुनसान रहे। यहां तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर्स की कुर्सियां दिनभर खाली रहीं। वीरवार को यहां पहुंचे 250 से अधिक लोग बिना काम करवाए ही लौटे। इनमें से कोई जमीन की फर्द निकलवाने तो कोई ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचा।
जिले के सभी कंप्यूटर ऑपरेटर्स वीरवार को भी हड़ताल पर रहे। सरकार जब तक मांगें पूरी नहीं करेगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी। - अजय कुमार, जिला प्रधान, कंप्यूटर प्रोफेशनल संघ।
चरखी दादरी के सरल केंद्र में खाली पड़ी कंप्यूटर ऑपरेटर्स की कुर्सियां।