जल्द ही शहर में रफ्तार पकड़ेंगे विकास कार्य, गलियों का निर्माण व पुनर्निर्माण होने से 40 हजार की आबादी को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहरवासियों को जल्द ही जर्जर व कच्ची गलियों से छुटकारा मिलने वाला है। इसके लिए नगर परिषद अधिकारी एस्टीमेट (अनुमानित लागत) तैयार कर रहे हैं। करीब 20 दिन में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता से पहले टेंडर आवंटित करने की योजना है। शहर में 60 से अधिक गलियों का निर्माण होगा। इससे 40 हजार लोगों को राहत मिलेगी।
बता दें कि नगर परिषद कार्यकारिणी का गठन हुए ढाई साल बीत चुके हैं। दूसरी ओर आधा कार्यकाल बीतने अनुसार शहर में विकास कार्य नहीं हुए हैं। शहर में विकास की रफ्तार धीमी होने से लोग परेशान हैं। अब अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लिया है और विकास को रफ्तार देने के लिए प्रस्ताव तैयार करने शुरू कर दिए हैं।
नगर परिषद प्रधान बक्शीराम सैनी की मानें तो वार्ड के अनुसार गलियों के निर्माण के एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। सभी 21 वार्डाें में विकास कार्यों के एस्टीमेट तैयार होते ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले टेंडर आवंटित कर धरातल पर काम शुरू करवाने की योजना है। वहीं, सूत्रों की मानें तो नगर परिषद के पास पर्याप्त बजट है।
नई वैध कॉलोनियों में भी शुरू हुए विकास कार्य
नगर परिषद के अधिकारियों की योजना के अनुसार हाल ही में वैध की गईं चार नई कॉलोनियों में भी विकास कार्य शुरू करवा दिए गए हैं। पहले सभी कॉलोनियों में एक-एक मुख्य गली का निर्माण करवाया जाएगा। इस कार्य पर करीब पचास लाख से अधिक बजट खर्च किया जाएग। गली निर्माण कार्य शुरू करवाया जा चुका है।
-चार करोड़ रुपये से हो रहे विकास कार्य
शहर में इस समय करीब चार करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें से कुछ पूरे होने वाले हैं जबकि कुछ पर काम हाल ही में शुरू हुआ है। वहीं, करीब पंद्रह कराेड़ के विकास कार्याें की फाइल मुख्यालय भेजी जा चुकी हैं। मंजूरी मिलने के बाद उनको धरातल पर पूरा करवाने की कवायद शुरू की जाएगी। अब शहर के 21 वार्डाें की 60 से अधिक गलियों के एस्टीमेट तैयार करवाए जा रहे हैं।
- लंबे समय से नहीं हुई बैठक
नगर परिषद सदन की बैठक पिछले लंबे समय से नहीं हुई है। पार्षद बेसब्री से इस बैठक का इंतजार कर रहे हैं। पहले 26 जुलाई को बैठक होने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन बैठक नहीं हो पाई। आगामी बैठक भी शहरी विकास की दिशा तय करेगी।
वर्सन:
सभी 21 वार्डाें में गलियों का निर्माण करवाने के एस्टीमेट अधिकारी तैयार कर रहे हैं। 60 से अधिक गलियां बनवाने की योजना है। इसके लिए पर्याप्त बजट नगर परिषद के पास है। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले टेंडर आवंटन प्रक्रिया पूरी कर देंगे।
-बक्शीराम सैनी, प्रधान, नगर परिषद
फोटो 08 और 09