चरखी दादरी। 11 सप्ताह के स्वच्छता महाअभियान के तहत नगर परिषद की ओर से सफाई संबंधी चूक सुधारी जा रही हैं। इसी कड़ी में अब शहर में 20 जगहों पर 20 लीटर क्षमता के 60 डस्टबिन रखे जाएंगे। इसके अलावा दो जगहों पर सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन भी लगेंगी। इसका प्रारूप नगर परिषद ने तैयार कर लिया है।
जुलाई में स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग जारी हुई थी। इसमें चरखी दादरी नगर परिषद का परिणाम उम्मीद अनुरूप नहीं रहा। इस बार दादरी नगर परिषद को राष्ट्रीय स्तर पर 323वीं तो प्रदेश स्तर पर 37वीं रैंक मिली है। अहम बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार राष्ट्रीय रैंकिंग में 1450 पायदानों की उछाल आया जबकि प्रदेशस्तरीय रैंक 19 पायदान खिसक गई। सर्वेक्षण परिणाम कम आने के कई मुख्य कारण रहे और इनमें स्वच्छता महाअभियान के तहत सुधार किया जा रहा है।
दो जोहड़ों के पास रखे जाएंगे 6 डस्टबिन
स्वच्छता महाअभियान के तहत नगर परिषद की ओर से वाटर बॉडी कैटेगरी में दो स्थानों का चयन किया गया है। इनमें शहर का एतिहासिक श्यामसर तालाब और दूसरा मथुरी घाटी जोहड़ है। नगर परिषद अधिकारियों का मानना है कि डूंगरवाला जोहड़ के समीप लोग कचरा नहीं फेंकते हैं इसलिए वहां डस्टबिन की जरूरत नहीं है।
वेंडिंग मशीन के लिए परिवहन विभाग से चल रही बातचीत
स्वच्छत भारत मिशन प्रभारी ज्योति शर्मा ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन लगाने की योजना है। बस स्टैंड पर मशीन लगाने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। प्रयास है कि दोनों के तालमेल से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। नगर आयुक्त गुलजार मलिक 11 सप्ताह के स्वच्छता अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे हैं।
सभी बाजार होंगे कवर
जिन बीस जगहों पर तीन-ती न डस्टबिन रखे जाने हैं, उन्हें चिह्नित करने की प्रक्रिया जारी है। ज्योति शर्मा ने बताया कि शहर के सभी बाजार इसके तहत कवर होंगे। पहली बार शहर में 20 लीटर क्षमता के डस्टबिन रखे जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील भी की है।
जानें..किस रंग के डस्टबिन में डाले कैसा कूड़ा
. हरा- इस डस्टबिन में गीला कचरा डालें।
. नीला- इस डस्टबिन में सूखा कचरा डालें।
. काला- अन्य प्रकार का कचरा इसमें डालें।
शहर में 20 स्थानों पर 20 लीटर क्षमता के 60 डस्टबिन रनखे जाने हैं। नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। सभी जगहों पर हरा, नीला और काले रंग का डस्टबिन रखा जाना है।
राजेश कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद