झोझूकलां। गांव मकड़ाना निवासी किसान के खेत से कृषि यंत्र चुराने के 6 आरोपियों को सीआईए ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी भिवानी व जींद जिले के निवासी हैं। दादरी में चोरी को अंजाम देते थे। अब पुलिस आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लेकर वारदात के संबंध में पूछताछ करेगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 30 नवंबर को झोझूकलां पुलिस थाने में सुरेंद्र ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें उसने बताया कि वह खेती करता है। उसके खेत गांव के छिल्लर रोड पर स्थित हैं। इसमें उन्होंने एक कमरा बनाया हुआ है। पास में ही ट्यूबवेल है। सिंचाई के लिए वे पाइप व नोजल को कमरे में रखते हैं। लेकिन, 23 नवंबर को उन्होंने पाइप व नोजल कमरे के पीछे रख दिए। अगले दिन जब उन्होंने पाइप व नोजल संभाले तो उसे वहां नहीं मिले।
इस दौरान किसान के 25 नोजल 23 पाइप चोरी हुए थे। बाद में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी। अब पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए भिवानी निवासी कृष्ण उर्फ काले, अजय उर्फ खान, अनिल, मनोज उर्फ बिंटू, राकेश और जींद के घीमान निवासी जगमिंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। अब टीम अदालत के आदेशानुसार आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी।