वाहनों की चेकिंग करती पुलिस टीम।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। पुलिस ने दादरी-रोहतक मुख्य मार्ग पर स्थित नाका रावलधी चौक पर सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी साहिल ढिल्लों ने किया। उनके साथ इंस्पेक्टर अमरदीप तथा 16 पुलिस जवानों का विशेष दस्ता पूरी रात नाके पर मुस्तैद रहा। देर रात से सुबह तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मार्ग से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन और व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी।
नाकाबंदी के दौरान टीम ने कुल 52 छोटे व बड़े वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज, डिकी व संदिग्ध सामान की गहनता से तलाशी ली। इसके अलावा देर रात अकारण आवाजाही कर रहे 05 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई और उनके पहचान व आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि की गई। वहीं, यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले 6 वाहनों के नियमानुसार चालान भी काटे गए। पुलिस की इस अचानक व सख्त नाकेबंदी से अवैध धंधों, नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद डीएसपी साहिल ढिल्लों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कड़े निर्देश दिए कि चेकिंग प्रक्रिया पूरी सतर्कता व नियमों के तहत की जाए और किसी भी स्तर पर संदिग्ध गतिविधि को कतई नजरअंदाज न किया जाए। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था व शांति बनाए रखने के लिए इस प्रकार के औचक नाकाबंदी और चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।