संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। निर्मला स्मृति साहित्यिक समिति की ओर से कुरुक्षेत्र में हिंदी एवं भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं का अनुवाद स्थिति और संभावनाएं विषय पर अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य उत्सव व सम्मान समारोह में 51 साहित्यकारों व हिंदी सेवियों को सम्मानित किया गया।
डॉ. अशोक कुमार मंगलेश ने बताया कि हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक डॉ. मुक्ता की अध्यक्षता रही जबकि बतौर मुख्य अतिथि डॉ. आरती लोकेश दुबई, प्रोफेसर नरेश मिश्र रोहतक, प्रोफेसर बाबूराम कुरुक्षेत्र, डॉ. मधुकांत, डॉ. जयभगवान सिंगला ने शिरकत की।
नरेश मिश्र ने कहा कि हिंदी दिवस मनाने से हिंदी का विकास संभव नहीं होगा बल्कि हमें सहृदयता व स्वेच्छा से हिंदी को अपनाना होगा। इसके बाद उन्होंने संगोष्ठी के विषय पर प्रकाश डाला। डॉ. बाबूराम ने कहा कि अनुवाद दो भाषाओं का नहीं, अपितु, दो संस्कृतियों का होता है। नई शिक्षा नीति के तहत क्षेत्रीय भाषाओं के अनुवाद को बल मिला है। हमें हमारी भारतीय भाषाओं के प्रति निष्ठा एवं प्रेम को प्रदर्शित करने के लिए अनुवाद का सहारा लेना होगा। वर्तमान में हरियाणवी और अन्य क्षेत्रीय बोलियों पर सृजन और अनुवाद कार्य चल रहा है।
डॉ. अशोक मंगलेश ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. आरती लोकेश को निर्मला अंतरराष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान, डॉ. मुक्ता, प्रोफेसर पूरनचंद टंडन, डॉ. मधुकांत, प्रोफेसर श्यामलाल को निर्मला आजीवन साहित्य साधना सम्मान, प्रोफेसर नरेश मिश्र को अंतरराष्ट्रीय भारत भारती, प्रोफेसर बाबूराम को आचार्य रामचंद्र शुक्ल आलोचना, प्रोफेसर जयप्रकाश शर्मा को भाषाश्री, डॉ. शिव कुमार को अनुवादश्री, डॉ. जयभगवान सिंगला, दिनेश माली, राजकुमार निजात, श्रीकृष्ण मुदगिल, राधेश्याम गोमला, डॉ. सुभाष रस्तोगी, सरोज दहिया को निर्मला हिंदी साहित्य शिरोमणि सम्मान दिया गया।
इनके अलावा डॉ. धर्मचंद्र विद्यालंकार को महाकवि शंभूदास स्मृति सम्मान व सुचेता यादव को इंद्रा स्वप्न स्मृति सम्मान, ममता सूद को अशरफी देवी स्मृति सम्मान, डॉ. जगदीप राही को धर्मेंद्र गौतम स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया।
डॉ. बहादुर सिंह जगाधरी, डॉ. शिव कुमार, डॉ. ममता चौरसिया, शीतल कोकाटे, राजेश नामदेव, डॉ. नीता अग्रवाल, डॉ. हस्तीमल, महेश पंवार राजस्थान, डॉ अंजू दुआ, जनकराज, डॉ. हेमलता, बृज शर्मा, विनोद विमल, राधा अग्रवाल आदि को हिंदी साहित्य रत्न सम्मान की उपाधि दी गई।
वहीं, डॉ. रणवीर सिंह को जल संरक्षण सम्मान, हरिकेश को रक्तदान भीष्म मधुकांत सम्मान, डॉ. मोहित गुप्ता को निर्मला उद्बोधन सारस्वत सम्मान, पत्रकार डॉ. विनोद शर्मा, विनोद खूंग्गर, राज मांडी को पत्रकारिता सम्मान से नवाजा गया। निर्मला समिति अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार मंगलेश ने सभी का आभार जताया। मंच से सात समुद्र पार, डॉ. अशोक कुमार मंगलेश : काव्य एवं साहित्य चिंतन, नारी नयी-व्यथा वही, समय से संवाद (डॉ. मुक्ता), महिमा गान (डॉ. मुन्नाराम), काव्य आयाम (डॉ. हस्तीमल), डॉ. अशोक कुमार ‘मंगलेश’: साहित्य संपादन और समीक्षण (डॉ. संजय चोपड़े), हिंदी गद्य संसार, कलश, समाज-संस्कृति आलोक में नरेश मिश्र साहित्य (डॉ. ज्योति) का विमोचन किया गया।
फोटो - 11
हिंदी सम्मान समारोह में रचनाकारों को सम्मानित करते आयोजक। स्रोत : आयोजक