शिकायतकर्ता को साथ लेकर बस स्टैंड परिसर में सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस टीम।
चरखी दादरी। दातौली निवासी एक व्यक्ति का बैग ब्लेड से काटकर अज्ञात ने 50 हजार की नकदी निकाल ली। वारदात को बस स्टैंड परिसर में अंजाम दिया गया और पीड़ित ने एक किशोर पर संदेह जाहिर किया है। इस संबंध में बस स्टैंड चौकी में शिकायत दी गई है जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
दातौली निवासी आजाद सिंह ने बताया कि उसका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है। मंगलवार सुबह वो खाते से रुपये निकलवाने के लिए दादरी के लोहारू रोड स्थित पीएनबी ब्रांच में गया था। वहां से उसने 50 हजार की नकदी निकलवाई और रुपये बैग में डाल लिए। इसके बाद वो गांव जाने के लिए बस पकड़ने के लिए बस स्टैंड परिसर में आ गए।
आजाद सिंह के अनुसार वहां टिकट के लिए वो कनीना रूट के काउंटर पर पहुंचे और उसी दौरान किसी ने ब्लेड से बैग काटकर 50 हजार की नकदी निकाल ली। चंद मिनट बाद ही बैग चेक करने पर उन्हें इसकी भनक लग गई। आजाद सिंह ने पुलिस को बताया कि करीब 15 वर्षीय एक किशोर ने बैंक शाखा से लेकर बस स्टैंड के टिकट काउंटर तक उसका पीछा किया और संदेह है कि उक्त किशोर ने ही नकदी चोरी की है। बुधवार को बस स्टैंड चौकी पुलिस ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर बस स्टैंड परिसर में लगे सीसीटीवी भी खंगाले। फुटेज में एक किशोर आजाद सिंह का पीछा करता नजर आ रहा है।