- दादरी पुलिस की पांच टीमों ने गिरोह का किया पीछा, भिवानी पुलिस की मदद से खरक पुलिस चौकी के पास काबू किए गए आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी, महेंद्रगढ़ और भिवानी जिले में सक्रिय भैंस चोर गिरोह की शुक्रवार रात दादरी पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से 16 राउंड फायर हुए। पुलिस टीमों ने आरोपियों के वाहन के चारों टायर पंक्चर कर पांच को काबू कर लिया। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। उनसे एक देसी पिस्तौल बरामद हुई है। आरोपियों के खिलाफ दादरी सीआईए प्रभारी की तहरीर पर भिवानी सदर थाने में केस दर्ज किया गया है।
दादरी डीएसपी दिनेश यादव ने शनिवार दोपहर प्रेसवार्ता कर पशु चोर गिरोह के पांच गुर्गाें को मुठभेड़ के बाद काबू करने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दादरी जिले में पिछले करीब सवा माह से भैंस चोर गिरोह सक्रिय था। जिला पुलिस ने गिरोह की लोकेशन का पता लगाने के लिए मुखबिरी नेटवर्क को एक्टिव किया। साथ ही साइबर सेल की मदद भी ली।
शुक्रवार रात दादरी पुलिस को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश निवासी भैंस चोर गिरोह दादरी की तरफ आ रहा है। इस आधार पर पांच टीमें गठित कर बौंदकलां नहर पुल पर नाकेबंदी की गई। कुछ देर बाद खेरड़ी मोड़ की तरफ से यूपी रजिस्ट्रेशन नंबर की पिकअप आई। नाकेबंदी देखकर चालक वापस खेरड़ी मोड़ की तरफ पिकअप भगा ले गया।
इसके बाद पुलिस टीमों ने पीछा किया तो पिकअप सवारों की तरफ से पुलिस टीम पर फायरिंग की गई। गनीमत रही कि गोली अगले शीशे में लगने के बाद किसी जवान को नहीं लगी। पिकअप सवार चोर गिरोह ने अपना वाहन भिवानी की तरफ मोड़ दिया। वहीं, दादरी पुलिस ने भिवानी जिले की खरक चौकी पुलिस को इसकी जानकारी देकर नाकेबंदी कराई।
- पुलिस के दो वाहनों को मारी टक्कर, तीन जवान घायल
चोर गिरोह ने खरक पुलिस चौकी की नाकेबंदी देखकर यूटर्न लेकर फिर से वाहन रोहतक की तरफ घुमा दिया। इतना ही नहीं, पीछा कर रही दादरी पुलिस टीम के दो वाहनों को पिकअप से टक्कर मारी गई। इसके चलते दोनों पुलिस वाहनों में सवार बौंदकलां एसएचओ सतबीर, पीएसआई विकास और हेड कांस्टेबल रोहित घायल हो गए।
- खरक चौकी पुलिस के हवाले किए आरोपी
दादरी पुलिस टीमों ने 15 राउंड फायर कर आरोपियों की पिकअप के चारों टायर पंक्चर कर दिए। इसके बाद उसमें सवार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के गांव बरतौली निवासी राजू, रिहान, पेटू, बाबा और आशान को काबू कर लिया गया। उनके खिलाफ भिवानी सदर थाने में केस दर्ज हुआ है।
फोटो 01
प्रेसवार्ता में मुठभेड़ के बाद भैंस चोर गिरोह के गुर्गाें को काबू करने की जानकारी देते डीएसपी दिनेश यादव व सीआईए प्रभारी कप्तान सिंह। संवाद
फोटो 02
पिकअप की टक्कर से क्षतिग्रस्त दादरी पुलिस का वाहन। स्रोत : सूत्र
फोटो 03
पुलिस टीम के वाहन के अगले शीशे में लगी गोली। स्रोत : सूत्र
फोटो 04
पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में आरोपियों की पिकअप के डीजल टैंक में लगी एके-47 की गोली। स्रोत : सूत्र