परिवार पहचान पत्र से जिले में अभी भी 48858 परिवार वंचित हैं। जिले में एक लाख 17 हजार 518 परिवारों के पहचान पत्र जाने हैं। जिला प्रशासन ने इस काम को 25 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य दे रखा है। अब तक जिले में 68 हजार 960 परिवारों के परिवार पहचान पत्र बनाए जा चुुके हैं। इस पहचान पत्र के आधार पर ही सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों को दी जाने वालीं सुविधाओं का लाभ मिलना है। सभी ब्लॉक और कस्बा लक्ष्य से करीब 40 फीसदी पीछे चल रहे हैं। अब तक सबसे अधिक परिवार पहचान पत्र बाढड़ा उपमंडल में बनाए गए हैं।
दादरी शहर में 12075 परिवरों के पहचान पत्र बनाए जाने हैं। अब तक करीब सात हजार परिवारों के ही पहचान पत्र बनाए गए हैं। जिले में एक लाख 17 हजार 518 परिवारों के पहचान पत्र बनाकर चार लाख 32 हजार 230 सदस्यों को कवर किया जाएगा। अब तक 68960 परिवारों की पहचान पत्र बनाकर दो लाख 70 हजार 725 सदस्यों को कवर किया गया है। अभी 48 हजार 858 परिवार पहचान पत्र बनवाने से वंचित हैं। इन परिवारों में सदस्यों की संख्या एक लाख 61 हजार 505 है।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को 25 दिसंबर तक इस काम को पूरा करने के लिए आदेश दिए थे। इनके मुताबिक अब 15 दिन का ही समय शेष है। साढ़े 48 हजार परिवारों को इस समयावधि में कवर करना चुनौतीपूर्ण होगा। लोग भी परिवार पहचान पत्र बनवाने के लिए सभी जानकारियां देने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। इसके चलते भी कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। सूत्रों के अनुसार बीएलओ भी ड्यूटी बदलवाकर कार्य को लटका रहे हैं। एक बीएलओ को 300 फार्म भरने हैं, लेकिन ज्यादातर ने अब तक 100 से 150 फार्म ही जमा करवाए हैं। कुछ बीएलओ ऐसे भी हैं, जो अपना 90 प्रतिशत तक लक्ष्य हासिल कर चुके हैं।
चार माह पहले शुरू हुआ था काम
परिवार पहचान पत्र बनाने का काम जिले में चार पहले शुरू किया गया था, लेकिन कार्य गति नहीं पकड़ पा रहा। दादरी शहर में 40 बूथ हैं। इनकी संख्या 160 से 199 तक हैं। शहर में 12075 परिवारों के पहचान पत्र बनाए जाने हैं और इस कार्य के लिए 40 बीएलओ और 50 सक्षम युवा लगाए गए हैं। नप सूत्रों के अनुसार 40 में से 22 बीएलओ ढीला काम कर रहे हैं और कुछ ने 50 फीसदी भी फार्म जमा नहीं करवाए हैं। कुछ शहरी बीएलओ सिफारिशें लगवाकर अपनी ड्यूटियां बदलवा चुके हैं। गत नवंबर में चार हजार शहरी परिवारों की परिवार पहचान पत्र बनाए गए हैं। डीसी राजेश जोगपाल इस मुद्दे पर गंभीर हैं। उन्होंने गत दिनों आयोजित बैठक में भी ढीले बीएलओ पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।
जानिए..... किस ब्लॉक और कस्बे की क्या है स्थिति
कस्बा/ब्लॉक कितने परिवारों की बननी है आईडी कितनों ने बनवाई कितने वंचित
बाढड़ा 27036 19123 7913
बौंदकलां 19298 10804 8494
दादरी ब्लॉक 31018 15637 15381
दादरी शहर 12075 6990 5085
झोझूकलां ब्लॉक 27821 16406 11415
ये देना है टीम को ब्योरा
- परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड
- बैंक खातों की जानकारी
- पैन नंबर
- बीपीएल कार्ड नंबर अगर है तो
- व्यवसाय
- कितनी है वार्षिक इनकम
- जाति और मकान नंबर
जिला प्रशासन लगातार परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य कर रहे बीएलओ के काम की मॉनिटरिंग कर रहा है। गत दिनों हुई बैठक में भी इस संबंध में मैंने निर्देश दिए थे। जो बीएलओ काम में लापरवाही बरत रहा है, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
राजेश जोगपाल, डीसी, चरखी दादरी
शहरी बीएलओ, पार्षदों और गणमान्य लोगों की मैंने पिछले सप्ताह ही बैठक ली थी। इसमें हमने कार्य की समीक्षा कर तेजी लाने के आदेश दिए गए थे। उसके बाद की स्थिति की मैं जल्द अपडेट लूंगा।
संजय छपारिया, चेयरमैन, नगर परिषद